प्राइम न्यूज़ – एक कसम, राष्ट्र प्रथम
Breaking News

सत्य निकेतन हादसे में चंदौली के अभिषेक की मौत

सत्य निकेतन हादसे में जान गंवाने वाले अभिषेक का मणिकर्णिका घाट पर किया गया अंतिम संस्कार

दिल्ली के सत्य निकेतन बिल्डिंग हादसे में जान गंवाने वाले चंदौली निवासी अभिषेक कुमार का मंगलवार को वाराणसी के मणिकर्णिका घाट पर अंतिम संस्कार किया गया। पिता संतोष कुमार खरवार ने बेटे को मुखाग्नि दी।

सत्य निकेतन हादसे में जान गंवाने वाले अभिषेक का मणिकर्णिका घाट पर किया गया अंतिम संस्कार

सत्य निकेतन बिल्डिंग हादसे में चंदौली के अभिषेक की मौत |

वाराणसी: दिल्ली के सत्य निकेतन में हुए बिल्डिंग हादसे में जान गंवाने वाले चंदौली निवासी अभिषेक कुमार का अंतिम संस्कार मंगलवार को वाराणसी के मणिकर्णिका घाट पर किया गया। पिता संतोष कुमार खरवार ने बेटे को मुखाग्नि दी। इस दौरान परिवार के सदस्यों और गांव के लोगों की आंखें नम रहीं। बेटे को अंतिम विदाई देते समय पिता भावुक होकर रो पड़े, वहीं परिजनों ने उन्हें संभाला।

बीकॉम सेकंड ईयर की पढ़ाई कर रहा था अभिषेक

अभिषेक उत्तर प्रदेश के चंदौली जिले का रहने वाला था और बीकॉम सेकंड ईयर की पढ़ाई कर रहा था। पिछले साल ही वह पढ़ाई के लिए दिल्ली गया था और सत्य निकेतन स्थित बिल्डिंग में किराये पर रह रहा था। हादसे के वक्त वह बिल्डिंग के अंदर ही मौजूद था। हादसे में कुल सात लोगों की मौत हुई थी, जिनमें पांच छात्र शामिल थे।

अभिषेक से पांच सितंबर को हुई थी फोन पर बात

अभिषेक के पिता संतोष कुमार ने बताया कि उनका बेटा पढ़ाई में होनहार था। वह आगे एमबीए करना चाहता था। परिवार की बेहतर जिंदगी और अपने सपनों को पूरा करने के लिए वह दिल्ली गया था, लेकिन हादसे ने परिवार का सहारा छीन लिया। पिता ने बताया कि पांच सितंबर को फोन पर अभिषेक से उनकी बात हुई थी। इसी दौरान उन्होंने उसकी हॉस्टल फीस भी जमा की थी। छह सितंबर को जब बेटे से फोन पर संपर्क नहीं हो सका तो परिवार की चिंता बढ़ गई। बाद में हादसे की जानकारी मिलने पर परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।

अभिषेक के पिता ने बिल्डिंग मालिक को ठहराया जिम्मेदार

अभिषेक के पिता ने हादसे के लिए बिल्डिंग मालिक को जिम्मेदार ठहराते हुए सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि अगर बिल्डिंग में मरम्मत का काम चल रहा था तो वहां रह रहे छात्रों को दूसरी जगह क्यों नहीं भेजा गया। उन्होंने दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता से इस मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। मणिकर्णिका घाट पर अंतिम संस्कार के दौरान पिता द्वारा मुखाग्नि दिए जाने का दृश्य बेहद भावुक कर देने वाला रहा। परिजनों ने हादसे की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की है। 

ये भी पढ़ें- 9 सितंबर को आबूरोड नगर पालिका के 40 वार्डों में होगा मतदान, 38,280 देंगे वोट
 

Related to this topic: