प्राइम न्यूज़ – एक कसम, राष्ट्र प्रथम
Breaking News

मुठभेड़ में सब इंस्पेक्टर और सिपाही घायल

बाबा मिलन दास हत्याकांड का आरोपी इजरायल पुलिस मुठभेड़ में ढेर

बांगरमऊ के संत राममिलन दास उर्फ बाबा मिलन दास हत्याकांड के एक लाख रुपये के इनामी आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ में मार गिराया है।

बाबा मिलन दास हत्याकांड का आरोपी इजरायल पुलिस मुठभेड़ में ढेर

आरोपी इसराइल का फाइल फोटो और घटनास्थल पर जांच करती फॉरेन्सिक टीम |

उन्नाव: बांगरमऊ के चर्चित संत राममिलन दास उर्फ बाबा मिलन दास हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। बांगरमऊ पुलिस और एसओजी टीम ने एक लाख रुपये के इनामी आरोपी इसराइल उर्फ इजराइल को सोमवार की अहले सुबह मुठभेड़ में मार गिराया। 

मुठभेड़ में दारोगा और सिपाही घायल

मुठभेड़ के दौरान एक दारोगा की बुलेट प्रूफ जैकेट पर गोली लगी, जबकि एसओजी का एक सिपाही भी घायल हुआ है। पुलिस के मुताबिक, सोमवार की सुबह बांगरमऊ पुलिस और एसओजी टीम इलाके में संदिग्धों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि बांगरमऊ थाने में दर्ज मामले में वांछित एक लाख रुपये का इनामी इसराइल उर्फ इजराइल ताजपुर गांव के अंडरपास के पास खड़ा है और किसी साथी का इंतजार कर रहा है।

दारोगा की बुलेट प्रूप जैकेट पर लगी गोली

सूचना मिलते ही पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने आरोपी को आत्मसमर्पण करने के लिए कहा। लेकिन, पुलिस के मुताबिक आरोपी ने टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। आरोपी की ओर से की गई फायरिंग में एक गोली उप निरीक्षक न्यूटन कुमार सिंह की बुलेट प्रूफ जैकेट पर लगी। जैकेट होने के कारण उनकी जान बच गई। वहीं, एसओजी टीम के आरक्षी विकास भदौरिया के हाथ में गोली लगने से वे घायल हो गए। 

जवाबी कार्रवाई में आरोपी को लगी गोली

इसके बाद पुलिस टीम ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी इसराइल उर्फ इजराइल घायल हो गया। घायल अवस्था में उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बांगरमऊ ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने बताया कि मुठभेड़ स्थल से आरोपी के पास से एक तमंचा, दो कारतूस और एक चाकू बरामद किया गया है। 

संत की चाकुओं से गोदकर की थी हत्या

पुलिस ने चाकू को हत्या में प्रयुक्त आला कत्ल बताया है। मौके पर फील्ड यूनिट को बुलाकर साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। इसराइल उर्फ इजराइल बांगरमऊ के घूरेटोला मोहल्ले में हुए संत राममिलन दास हत्याकांड का मुख्य आरोपी बताया जा रहा था। बीते मंगलवार दोपहर मंदिर निर्माण करा रहे संत की चाकुओं से गोदकर हत्या कर दी गई थी। घटना के बाद क्षेत्र में भारी आक्रोश फैल गया था। इसके बाद लोगों ने बांगरमऊ-हरदोई मार्ग को जाम कर प्रदर्शन किया था।

हत्याकांड में तीन आरोपी जेल भेजे जा चुके हैं

पुलिस ने मामले में पांच नामजद और कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। इससे पहले पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। अब मुख्य आरोपी इसराइल के मुठभेड़ में मारे जाने के बाद पुलिस अन्य आरोपियों और घटना से जुड़े पहलुओं की जांच कर रही है। 

Related to this topic: