दीपावली से पहले उज्जैन पुलिस ने कार्बाइड गन के निर्माण, बिक्री और इस्तेमाल के खिलाफ सख्ती शुरू कर दी है। पुलिस दुकानों के साथ ऑनलाइन बिक्री और सोशल मीडिया पर भी नजर रख रही है।
उज्जैन: दीपावली के त्योहार को देखते हुए उज्जैन पुलिस ने कैल्शियम कार्बाइड से चलने वाली देसी गन के खिलाफ सख्ती शुरू कर दी है। पुलिस ने कार्बाइड गन के निर्माण, खरीद-बिक्री और इस्तेमाल पर प्रतिबंध का हवाला देते हुए वैधानिक कार्रवाई की चेतावनी दी है। एसपी प्रदीप शर्मा के अनुसार, बड़े स्तर पर निर्माण या उत्पादन करने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी। आपराधिक रिकॉर्ड और मामले की परिस्थितियों के आधार पर राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (NSA) के तहत कार्रवाई भी की जा सकती है।
दीपावली पर कार्बाइड गन का खतरा
पिछले साल दीपावली के दौरान प्रदेश के 11 जिलों में कार्बाइड गन के धमाकों से 292 से ज्यादा लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई थी। इनमें बड़ी संख्या बच्चों की थी। उज्जैन जिले में भी 15 मामले सामने आए थे। कई लोगों की आंखों में गंभीर चोटें आई थीं। कार्बाइड गन में कैल्शियम कार्बाइड पानी के संपर्क में आने पर एसिटिलीन गैस बनाता है। चिंगारी लगते ही तेज धमाका होता है, जिससे आंखों, चेहरे और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोट लग सकती है।
कार्बाइड गन की बिक्री पर पुलिस की नजर
सोशल मीडिया पर रील बनाने के चक्कर में भी बच्चे और युवा इसका इस्तेमाल करते हैं। पुलिस द्वारा हार्डवेयर, फैब्रिकेशन और वेल्डिंग की दुकानों की जांच के साथ ऑनलाइन बिक्री और सोशल मीडिया पर भी निगरानी की जा रही है। एसपी ने लोगों से अपील की है कि कार्बाइड गन का निर्माण या इस्तेमाल न करें। कहीं इसकी बिक्री या उपयोग की जानकारी मिलने पर डायल 112 और नजदीकी थाने को सूचना दें। पुलिस ने अभिभावकों से भी बच्चों को इस खतरनाक गन से दूर रखने की अपील की है।
ये भी पढ़ें- पीलीभीत में ड्यूटी पर गैरहाज़िर 56 ANM नर्सों पर कार्रवाई की तैयारी, CMO को भेजी रिपोर्ट