मोतिहारी के बंजरिया प्रखंड स्थित अजगरी मठवा टोला के निवासी आदित्य कुमार का चयन बिहार की राज्य स्तरीय अंतर प्रमंडल विद्यालय वॉलीबॉल प्रतियोगिता 2026-27 के लिए हुआ है।
मोतिहारी: ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है, बस जरूरत है तो उसे सही मंच और अवसर मिलने की। अपनी खेल प्रतिभा, कड़ी मेहनत और अटूट अनुशासन के दम पर प्रखंड के अजगरी मठवा टोला निवासी आदित्य कुमार ने यह साबित कर दिखाया है। आदित्य का चयन राज्य स्तरीय (अंतर प्रमंडल) विद्यालय वॉलीबॉल प्रतियोगिता (2026-27) के लिए हुआ है, जिससे पूरे क्षेत्र में गर्व और उत्साह का माहौल है। आदित्य कुमार, अजगरी पंचायत के पैक्स अध्यक्ष दिलीप सिंह और गृहिणी रबिता देवी के छोटे सुपुत्र हैं। दो भाइयों में छोटे आदित्य ने यह मुकाम यह साबित कर दिखाया है कि अगर सच्ची लगन और हौसला हो, तो अभाव या ग्रामीण परिवेश कभी भी सफलता के आड़े नहीं आते। उनकी इस शानदार सफलता से न केवल उनके परिवार, बल्कि पूरे बंजरिया प्रखंड का सिर फक्र से ऊंचा हो गया है।
राज्य स्तरीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता में आदित्य के चयन से बंजरिया में खुशी
बिहार सरकार के खेल विभाग और बिहार राज्य खेल प्राधिकरण, पटना के निर्देशानुसार इस प्रतिष्ठित राज्य स्तरीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता का आयोजन बांका जिले में किया जा रहा है। यह रोमांचक मुकाबला 28 अक्टूबर से 30 अक्टूबर 2026 तक बांका के ऐतिहासिक आर.एम.के. इंटर स्कूल खेल मैदान पर खेला जाएगा। इस प्रतियोगिता में राज्यभर के चुनिंदा और प्रतिभाशाली खिलाड़ी अपनी खेल कला का जौहर दिखाने पहुंच रहे हैं। आदित्य के इस चयन पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों, खेल प्रेमियों, ग्रामीणों और शुभचिंतकों ने उन्हें व उनके परिवार को ढेरों बधाइयां दी हैं। लोगों का कहना है कि आदित्य की यह उपलब्धि क्षेत्र के अन्य युवाओं के भीतर भी खेल के प्रति नया उत्साह जगाएगी और उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी। बंजरिया प्रखंड का हर एक नागरिक इस सफलता पर गौरवान्वित महसूस कर रहा है और बांका के मैदान पर होने वाले इन मुकाबलों में आदित्य के उत्कृष्ट और विजयी प्रदर्शन की कामना कर रहा है।
ये भी पढ़ें- गोरखपुर-फैजाबाद शिक्षक चुनाव की मतगणना शुरू, तीन राउंड में होगी वोटों की गिनती