लखनऊ में सोनभद्र के जयप्रकाश पांडेय ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव को गोवा में डॉ. राममनोहर लोहिया पर आयोजित संगोष्ठी की स्मारिका भेंट की। इस दौरान लोहिया के विचारों और गोवा मुक्ति संग्राम को याद किया गया।
लखनऊ (उत्तर प्रदेश)। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को आज सोमवार को डॉ. राममनोहर लोहिया पार्क गोमतीनगर लखनऊ में स्थित कार्यक्रम के दौरान गतवर्ष गोवा में डॉ. राममनोहर लोहिया पर आयोजित राष्ट्रीय संगोष्ठी की स्मारिका भेंट की गई। स्मारिका सोनभद्र के जयप्रकाश पांडेय उर्फ चेखुर पांडेय ने भेंट की।
डॉ. लोहिया के विचारों पर टिकी है सपा की राजनीति
इस अवसर पर अखिलेश यादव ने राष्ट्रीय संगोष्ठी के सफल आयोजन और स्मारिका के लिए बधाई देते हुए कहा कि गोवा को आजाद कराने में डॉ. राम मनोहर लोहिया ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। डॉ. लोहिया के विचारों और सिद्धांतों की प्रासंगिकता आज भी बनी हुई है। समाजवादी पार्टी इसी विचारधारा पर चल रही है।
राजेन्द्र चौधरी की गोवा यात्रा और सम्मान समारोह
यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता राजेन्द्र चौधरी जी 19 दिसम्बर 2023 को गोवा यात्रा के दौरान डॉ. लोहिया से जुड़े स्थानों पर गये थे। उनकी यात्रा के दौरान डॉ. लोहिया जी के संघर्ष से जुड़ी बहुत चीजों की जानकारियां मिली। राजेन्द्र चौधरी ने उस जेल का दौरा भी किया जहां डॉ. लोहिया बंद रहे। इस अवसर पर चेखुर पाण्डेय ने अखिलेश यादव के साथ राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव, पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेन्द्र चौधरी, प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल को भी स्मारिका भेंट की और शाल ओढ़ाकर सम्मानित किया।
अगोड़ा जेल और लोहिया मैदान का ऐतिहासिक महत्व
उल्लेखनीय है कि गोवा मुक्ति दिवस 19 दिसंबर 2023 के अवसर पर गांधीवादी, पश्चिमी घाट बचाओ आंदोलन के नेता कुमार कलानंद मणि के संयोजन में पीसफुल सोसायटी द्वारा आयोजित कार्यक्रम में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के निर्देश के क्रम में गोवा मुक्ति दिवस पर पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेन्द्र चौधरी ने अगोड़ा सेंट्रल जेल का दौरा किया था। वहां स्थित जेल म्यूजियम में डॉ0 राम मनोहर लोहिया की प्रतिमा एवं गोवा के मडगांव के लोहिया मैदान में डॉ. राममनोहर लोहिया की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित किया। लोहिया मैदान में प्रतिमा के समीप भारतीय संविधान की प्रस्तावना में उल्लेखित शिलापट्ट, मनोहर राय सरदेसाई की कविता 18 जून और लोहिया मैदान का मंच समाजवादियों के गौरवशाली अतीत की याद दिलाती है।
स्वतंत्रता सेनानी परिवार से जुड़ी दुर्लभ यादें
डॉ. राममनोहर लोहिया मैदान में 18 जून 2023 को क्रांतिदिन समिति के कोषाध्यक्ष विनायक मोडेडकर ने सम्मानित करते हुए डॉ० राममनोहर लोहिया से जुड़ी दुर्लभ जानकारियां साझा किया। विनायक के पिता मधुकर यशवंत मोडेडकर स्वतंत्रता संग्राम सेनानी थे, उन्होंने डॉ० लोहिया के साथ गोवा मुक्ति संग्राम में संघर्ष किया था।
गोवा और समाजवादियों का पुराना ऐतिहासिक रिश्ता
गोवा से समाजवादियों का पुराना रिश्ता रहा है। समाजवादी आंदोलन के महानायक डॉ. लोहिया को गोवा आंदोलन के दौरान गोवा में अरब सागर पर अगोड़ा-सेंट्रल जेल में जिस बैरक में गिरफ्तार कर रखा गया था वहां उनकी आदमकद प्रतिमा स्थापित है। दक्षिण गोवा में मरगाओ सेंट्रल स्क्वायर से 18 जून 1946 को गिरफ्तार कर उन्हें अगोड़ा जेल में बंद किया गया था। यहां जेल हेरिटेज ब्लाक में बंदी स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों की सूची में लोहिया जी का नाम भी अंकित है। यहां आज भी देश के विभिन्न प्रांतों से लोग आकर श्रद्धासुमन अर्पित करते है।
यह भी पढ़ें: यूपी वोटर लिस्ट में गड़बड़ी: सपा ने मुख्य निर्वाचन अधिकारी को सौंपा ज्ञापन, हजारों डुप्लीकेट नाम मिलने का दावा