लखनऊ में लोकतंत्र रक्षक सेनानी सम्मान समारोह में अखिलेश यादव ने कहा कि 2027 में सपा सरकार बनते ही लोकतंत्र सेनानियों की पेंशन 20 हजार से बढ़ाकर 51 हजार होगी और मुफ्त इलाज की सुविधा मिलेगी।
लखनऊ (उत्तर प्रदेश)। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने लखनऊ स्थित पार्टी मुख्यालय में लोकतंत्र रक्षक सेनानी सम्मान समारोह को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में अन्याय, अत्याचार, महंगाई, भ्रष्टाचार चरम पर है। इस समय समाजिक न्याय बीजेपियन एमरजेंसी से गुजर रहा है, जिस तरह से सब लोग मिलकर आपातकाल में लड़े थे, उसी तरह से एक बार फिर एकजुट होकर लड़ेगें, लोकतंत्र और संविधान को बचाएंगे।
2027 में बनेगी सपा सरकार, सेनानियों का बड़ा समर्थन
अखिलेश यादव ने कहा कि लोकतंत्र सेनानियों के आशीर्वाद और अनुभव से हम लोग प्रदेश और देश से बीजेपियन इमरजेंसी को हटाएंगे। लोकतंत्र रक्षक सेनानियों ने संकल्प लिया कि 2027 के विधानसभा चुनाव में समाजवादी सरकार को समर्थन देंगे और अखिलेश यादव को प्रदेश का मुख्यमंत्री बनाएंगे जिससे लोकतंत्र बचेगा।
पहली कैबिनेट में पेंशन बढ़ाकर 51 हजार करने का वादा
अखिलेश यादव ने कहा कि प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने जा रही है। सरकार में पहले ही दिन पहली कैबिनेट की बैठक में लोकतंत्र सेनानियों की सम्मान राशि 20 हजार से बढ़ाकर 51 हजार रुपए की जाएगी। लोकतंत्र सेनानियों के महत्वपूर्ण सुझाव पर पूरा अमल किया जाएगा। लोकतंत्र सेनानियों के दवा, इलाज और सरकारी अस्पतालों में विशेष सुविधा देकर पूरा इलाज मुफ्त होगा। लोकतंत्र सेनानियों को स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के बराबर सम्मान, बस और ट्रेन में मुफ्त यात्रा समेत अन्य सुझावों को समाजवादी पार्टी अपने चुनाव घोषणा पत्र में शामिल करेगी, उसे लागू किया जाएगा।
नेताजी ने शुरू किया था लोकतंत्र सेनानियों का सम्मान
अखिलेश यादव ने प्रदेश भर से आए लोकतंत्र रक्षक सेनानियों को सम्मानित करते हुए सभी का आभार प्रकट किया। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र सेनानियों ने अपनी यादों को ताजा किया। यादव ने कहा कि नेताजी ने लोकतंत्र सेनानियों को सम्मान दिया था। लोकतंत्र रक्षकों के लिए समाजवादी सरकार ने सम्मान जनक व्यवस्था की थी। लोकतंत्र सेनानियों ने उस समय जिन परिस्थितियों में अन्याय और अत्याचार हुआ उसकी चर्चा की। साथ ही बहुत सारे सुझाव दिए है।
भाजपा सरकार में चरम पर है अत्याचार और अन्याय
अखिलेश यादव ने कहा कि जिस काल में पीडीए पर अत्याचार होगा, वह हर काल आपातकाल होगा। आज आपातकाल से भी ज्यादा खतरनाक हालात है। भाईचारा और सौहार्द को खत्म किया जा रहा है। समाज में खाई पैदा की जा रही है। भाजपा सरकार सामाजिक तानेबाने को खत्म कर रही है। किसी को न्याय नहीं मिला रहा है। पुलिस भाजपा की कार्यकर्ता बनकर काम कर रही है। हम सभी लोग तो यह बात पहले से ही कह रहे थे, अब तो सुप्रीम कोर्ट ने भी टिप्पणी की है। इस सब संकट का समाधान तभी होगा जब भाजपा हटेगी।
सच्चाई दिखाने वालों पर हो रही है पुलिसिया कार्रवाई
अखिलेश यादव ने कहा कि आज लोगों की आवाज दबाई जा रही है। बोलने और सच दिखाने पर पुलिसिया कार्रवाई हो रही है। निर्दोश जेल भेज दिए गए। दस साल से प्रदेश में एक ही पार्टी की सरकार है। मुख्यमंत्री जी लगातार गोरखपुर का दौरा करते हैं, फिर भी मुख्य नगरी में जलभराव और बाढ़ की स्थिति है, इस सच्चाई को दिखाने पर एक नौजवान पर कार्रवाई हो गयी। इस सरकार में सच्चाई दिखाने पर कार्रवाई हो रही है।
1975 से भी बदतर हैं आज के हालात: अखिलेश यादव
उन्होंने कहा कि आज भी लोकतंत्र सेनानियों में वही ऊर्जा है। जो ‘सिंहासन खाली करो कि जनता आती है‘ उद्घोष में व्यक्त हुई थी। लोकतंत्र रक्षक सेनानी फिर वही परिवर्तन लाएंगे। जब लोकतंत्र बचेगा तब संविधान बचेगा। इस समय परिस्थितियां 1975 के समय से ज्यादा कठिन है। देवरिया के रमजान अली ने लोक नायक जयप्रकाश नारायण की सभाओं में गाए जाने वाले गीत जाग उठी तरूणाई प्रस्तुत किया। राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल यादव ने भी लोकतंत्र रक्षक सेनानियों को सम्बोधित किया।
यह भी पढ़ें: अखिलेश यादव का भाजपा पर हमला, बोले- सत्ता से हटेगी तभी प्रदेश का संकट और लोकतंत्र का खतरा दूर होगा