अखिलेश यादव ने भाजपा पर महंगाई, शिक्षा, किसानों और भ्रष्टाचार को लेकर निशाना साधा। सपा प्रमुख ने PDA का अर्थ प्रेम, दया और अपनापन बताया और गठबंधन मजबूत होने का दावा किया।
लखनऊ (उत्तर प्रदेश)। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने शनिवार को लखनऊ स्थित पार्टी के प्रदेश मुख्यालय में प्रेस वार्ता का आयोजन किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि जो भी पीड़ित है 'पीडीए' उनके साथ है। उन्होंने पीडीए का अर्थ स्पष्ट करते हुए कहा कि इसका मतलब प्रेम दया और अपनापन है।
सपा प्रमुख ने कहा, "हम समाजवादी लोग मिलकर जितना प्रेम, दया, अपनापन से लोगों को जोड़ेंगे उतना ही समाजवादी पार्टी मजबूत होगी और भविश्य में ऐतिहासिक सरकार बनेगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री आजकल बच्चों के साथ सेल्फी ले रहे हैं। बच्चों को गोदी में ले रहे है। चुनाव बाद उनके पास यह सब करने का बहुत समय हो जाएगा।" यादव ने कहा कि भाजपा और मुख्यमंत्री पीडीए से घबराए हुए हैं। इसीलिए वे पीडीए की परिभाषा बदलते हैं। मुख्यमंत्री पीडीए को पाकिस्तान बताते है, ऐसे तो BJP का मतलब 'भाग जाओ पाकिस्तान' हो जाएगा।
प्राथमिक शिक्षा व्यवस्था सुधारने का किया वादा
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा है कि सिद्धांत कभी नहीं बदलता है। समाजवादी पार्टी का लक्ष्य समाजवादी विचारधारा और पीडीए के आन्दोलन से सामाजिक न्याय के राज की स्थापना करना है। हमारी लड़ाई जारी है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने शिक्षा व्यवस्था को बर्बाद कर दिया है। समाजवादी सरकार में प्राइमरी शिक्षा व्यवस्था में सुधार किया जाएगा। पिछली बार समाजवादी सरकार में अभिनव स्कूल बनाने का काम शुरू किया था, स्कूलों को प्राइवेट स्कूल से अच्छा बनाया जा रहा था।
यादन ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार जानबूझ कर प्राइमरी स्कूल खराब कर रही है क्योंकि सबसे ज्यादा पीड़ित, दुखी, अपमानित, पिछड़े, दलित, अल्पसंख्यक, आधी आबादी के बच्चे वहीं पढ़ रहे हैं। समाजवादी सरकार में स्कूलों का आधारभूत ढ़ांचा ठीक किया जा रहा था, साथ-साथ बच्चों को गर्म खाना, दूध और फल देने की व्यवस्था की गयी थी। लखनऊ में एक किचेन से पौने दो लाख बच्चों को गर्म खाना मिलता था। भविष्य में बच्चों की पढ़ाई और गर्म खाना की व्यवस्था की जाएगी। आज भी बच्चों के बर्तन वही चल रहे है। जो समाजवादी सरकार ने दिए थे, वही लैपटॉप भी चल रहे हैं।
महंगाई को लेकर भाजपा सरकार पर तीखा हमला
अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी कभी गठबंधन नहीं तोड़ती है। समाजवादी पार्टी जब साथ लेकर चलती है, तो निभाती है। समाजवादियों ने हमेशा साथ निभाया है। यादव ने कहा कि सरकार भाजपा की है, लड़ाई भाजपा से है, इसलिए जो दल समाजवादी पार्टी को घेर रहे हैं, वे भाजपा से लड़े। उन्होंने कहा कि मंहगाई लगातार बढ़ती जा रही है। त्योहार आ रहा है। चीनी के दाम बहुत बढ़ गये है। मिठाई महंगी हो गयी। साबुन, तेल खाने का सामान सब महंगा हो गया। मंहगाई की दर बहुत बढ़ गयी है। डीजल, पेट्रोल सब चीजों के दाम बढ़ गये हैं।
उन्होंने कहा कि एथेनाल मिलाने से अगर लाभ है तो ऑटोमोबाइल और गाड़ियां बनाने वाली कंपनियों को विज्ञापन देकर फायदे बताना चाहिए। मुनाफे के लिए पेट्रोल में इथेनॉल मिलाया जा रहा है। मुनाफे के लिए चीनी महंगी हो रही है। यादव ने कहा कि एक तरफ सरकार विज्ञापन देकर बता रही है कि 2017 के बाद पर कैपटा इनकम बढ़ गयी है वहीं दूसरी तरफ खाने के लिए 15 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन देना पड़ रहा है। कोटेदारों को कमीशन बढ़ा रहे हैं। इसका मतलब है, 15 करोड़ लोग गरीब है। सरकार मंत्रियों और उनके आसपास के लोगों की नहीं, 15 करोड़ गरीब लोगों की पर कैपिटा इनकम बताए।
सभी 403 सीटों पर तैयारी का दावा
अखिलेश यादव ने एक सवाल के जवाब में कहा कि समाजवादी पार्टी और सहयोगी दल सभी 403-403 सीटों पर तैयारी कर रहे हैं। हम लोगों की डबल तैयारी है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में अन्याय, अत्याचार चरम पर है। पुलिस की तरफ से बड़े पैमाने पर अन्याय हो रहा है। अन्याय की बहुत लंबी सूची है। मेरठ में किसानों पर बड़े पैमाने पर अन्याय हुआ। जाति को टारगेट कर मारा पीटा गया, गालियां दी गयीं। अधिकारियों से इस तरह के व्यवहार की कल्पना नहीं की जा सकती है। किसानों को इसलिए मारा गया क्योंकि वे पीडीए समाज से आते हैं।
प्रयागराज, लखनऊ और गोरखपुर में विकास कार्यों पर सवाल
अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार में भ्रष्टाचार चरम पर है। प्रयागराज में एक लाख करोड़ रूपये खर्च हुआ था। उसके बाद भी शहर की हालत खराब है। हर गली-मोहल्ले में पानी भरा है। प्रयाग राज में बजट का बंदरबाट हो गया है। वहां नए-नए लोग इनकम टैक्स के दायरे में आ गये हैं। प्रयागराज के साथ ही लखनऊ में जिस बंधे के कारण बाढ़ नहीं आनी थी, वहीं परेशानी का कारण बन रहा है। गोरखपुर में तो हर बरसात में सड़क पर नाव चलती है।
भाजपा पर बड़े लोगों को फायदा पहुंचाने का आरोप
अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा बड़े लोगों को लाभ पहुंचाने के लिए फैसले लेती है। सरकार को पता है कि त्योहार आने वाला है। चीनी की खपत बढ़ेगी, उसी समय अपने लोगों को लाभ पहुंचाने के लिए चीनी महंगी कर दी। विधानसभा चुनाव में गठबंधन को लेकर अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी का जो गठबंधन है, वही रहेगा। समाजवादी पार्टी का गठबंधन मजबूत है। भाजपा घबराई है। इसलिए वे पीडीए-पीडीए कर रहे हैं। अखिलेश यादव ने कहा कि बढ़ती महंगाई, किसानों को खाद की कमी पर कोई चर्चा नहीं कर रहा है। जो लोग स्कूलों का सच दिखाना चाहते है? उनके खिलाफ भाजपा के लोग कैसा व्यवहार कर रहे है? भाजपा के लोग कितने बड़े गुण्डे निकले, स्कूल देखने जाने वालों से मारपीट कर रहे हैं।
(Published By: Ravi Pandey)
यह भी पढ़ें: यूपी में PDS की डिजिटल निगरानी से बढ़ी पारदर्शिता, 93.5% राशन कार्डों की e-KYC पूरी