सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि जिनकी राजनीति एक जाति के विरोध पर टिकी हो, वे एकता की बात न करें।
लखनऊ (उत्तर प्रदेश)। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भारतीय जनता पार्टी पर तीखा राजनीतिक हमला बोला है। उन्होंने बयान जारी कर कहा है कि जो होता भाजपाई, वो पैदा करता खाई है।
सजातीय तुष्टीकरण पर बड़ा तंज
पार्टी कार्यालय से शनिवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति के मुताबिक अखिलेश यादव ने आश्चर्य जताते हुए कहा कि जिनकी सत्ता सजातीय तुष्टीकरण के नाम पर बदनाम हो चुकी है, आज वे लोग जातिवाद की बात कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जिनकी संपूर्ण राजनीति ही एक जाति के विरोध पर टिकी हो, वे जब भी अपना मुंह खोलेंगे, सिर्फ झूठ बोलेंगे।
दरारवादी राजनीति पर सवाल
सपा प्रमुख ने आगे कहा कि दरारवादी प्रवृत्ति वाले लोग यदि एकता की बात न करें, तो कम से कम उनके पद की गरिमा जरूर बची रहेगी। उन्होंने 'हाता नहीं भाता' को भाजपा की विद्वेषपूर्ण राजनीति का बेहद कड़वा सच करार दिया। यादव ने दो टूक कहा कि सार्वजनिक पदों पर बैठकर अपनी जाति का दंभ भरने वाले लोग कभी दूसरों का भला नहीं कर सकते।
एकतरंगी सोच और राष्ट्रीय एकता
अखिलेश यादव ने तंज कसते हुए कहा कि जो लोग खुद एकरंगी सोच रखते हैं, वे बहुरंगी एकता की बात कैसे कर सकते हैं। उन्होंने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि राष्ट्रीय एकता को सबसे बड़ा खतरा तब पैदा होता है, जब सामाजिक विभेद और दरार को बढ़ावा देने वाला व्यक्ति सत्ता के शीर्ष पर बैठ जाता है।
यह भी पढ़ें: अखिलेश यादव ने जाति की राजनीति को लेकर बीजेपी पर साधा निशाना और राष्ट्रीय एकता को बताया खतरा