लखनऊ में अखिलेश यादव ने डॉ. राम मनोहर लोहिया की पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि दी। महंगाई, आर्थिक असमानता और रोजगार पर बात करते हुए दाम बांधो नीति लागू करने का भरोसा जताया।
लखनऊ (उत्तर प्रदेश)। समाजवादी पार्टी प्रदेश मुख्यालय समेत प्रदेश के सभी जिलों में समाजवादी चिंतक डॉ. राम मनोहर लोहिया की पुण्यतिथि श्रद्धापूर्वक मनायी है। लखनऊ में मुख्य कार्यक्रम गोमतीनगर स्थित डा. राममनोहर लोहिया पार्क में हुआ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने डा. लोहिया पार्क पहुंचकर डॉ राम मनोहर लोहिया की आदमकद प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर नमन करते हुए श्रद्धांजलि दी।
दिग्गज नेताओं ने अर्पित किए श्रद्धासुमन
इस अवसर पर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव, पूर्व कै बिनेट मंत्री राजेन्द्र चौधरी, प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल, सांसद आरके चौधरी, विधायक रविदास मेहरोत्रा, पूर्व एमएलसी डा.मधु गुप्ता, समाजवादी शिक्षक सभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रो. बी. पाण्डेय समेत अन्य नेतााओं ने पुष्प अर्पित कर डा. लोहिया को श्रद्धांजलि दी।
समानता और सप्तक्रांति के पथ पर सपा
डा. लोहिया को श्रद्धांजलि देने के बाद अखिलेश यादव ने कहा कि डा. राम मनोहर लोहिया ने पूरे जीवन भेदभाव, अन्याय के खिलाफ लड़ाई लड़ी। वे हर तरह के भेदभाव, ऊंच-नीच की भावना के खिलाफ थे। समानता और खुशहाली चाहते थे, डा. लोहिया ने समाजवादी सिद्धांत और विचार दिया। सप्तक्रांति का नारा दिया। समाजवादी पार्टी बाबा साहब डॉ.अम्बेडकर के संविधान, डॉ. लोहिया के समाजवादी विचारों और नेताजी मुलायम सिंह यादव के सघर्षों का साथ लेकर समाजवादी समाज बनाने के लिए काम कर रही है। हम सब मिलकर बाबा साहब डॉ. अम्बेडकर, डॉ. लोहिया और नेताजी के सपनों को पूरा करेंगे। समृद्धि और समानता लाएंगे।
महंगाई और आर्थिक असमानता पर हमला
यादव कहा कि आज देश आर्थिक भेदभाव चरम पर है। कुछ लोग इतने अमीर है कि उसकी कल्पना नहीं की जा सकती और बड़ी संख्या में लोग इतने गरीब है कि अपनी जरूरत का सामान भी नहीं पाते है। नौकरी, रोजगार नहीं है। महंगई बढ़ती जा रही है। इस समय देश में समाजवादी समाज और समाजवादी सरकार की सबसे ज्यादा जरूरत है। कभी डॉ. लोहिया ने दाम बांधो नीति लागू करने की मांग की थी। हम भरोसा दिलाते है कि समाजवादी सरकार बनने पर जरूरत की चीजों को दाम बांधो नीति के अंदर लाकर महंगाई रोकने का काम करेंगे, जिससे कोई भी ज्यादा मुनाफा न कमा पाए। नेताजी ने डा. लोहिया के नाम पर शानदार पार्क बनाया। इस पार्क में क्वालिटी प्लांटेशन हुई है। यह पहला पार्क है जिसमें कोई पेड़ नहीं काटा गया था। नए-नए पेड़ लगाए गए।
रविदास मेहरोत्रा ने लोहिया संस्थान में दी श्रद्धांजलि
लखनऊ मध्य क्षेत्र से विधायक एवं पूर्व मंत्री रविदास मेहरोत्रा ने डॉ. राममनोहर लोहिया संस्थान गोमतीनगर में स्थित डॉ. राममनोहर लोहिया की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर लोहिया संस्थान के डॉक्टरों और समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने भी डॉ. राममनोहर लोहिया को श्रद्धांजलि दी।
यह भी पढ़ें: अखिलेश यादव को डॉ. लोहिया की गोवा राष्ट्रीय संगोष्ठी पर आधारित स्मारिका भेंट, जानिए क्या कहा