प्राइम न्यूज़ – एक कसम, राष्ट्र प्रथम
Breaking News

अखिलेश यादव का कार्यकर्ताओं को संदेश

2027 चुनाव को लेकर अखिलेश यादव का कार्यकर्ताओं को संदेश, बोले- एक भी वोट छूटना नहीं चाहिए

अखिलेश यादव ने 2027 विधानसभा चुनाव के लिए सपा कार्यकर्ताओं से बूथ मजबूत करने और एक भी समर्थक वोट न छूटने देने की अपील की। उन्होंने भाजपा पर कई मुद्दों को लेकर निशाना साधा।

2027 चुनाव को लेकर अखिलेश यादव का कार्यकर्ताओं को संदेश बोले- एक भी वोट छूटना नहीं चाहिए

Akhilesh Yadav Urges SP Workers to Secure Every Vote for 2027 Polls |

लखनऊ (उत्तर प्रदेश)। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि विधानसभा चुनाव 2027 में एकजुट होकर 2024 के लोकसभा चुनाव से बेहतर प्रदर्शन करना है। उन्होंने कहा कि जनता ने समाजवादी पार्टी की सरकार लाने का मन बना लिया है। चुनाव में समाजवादी समर्थक एक भी वोट घटने न पाए और एक भी वोट छूटे नहीं। उन्होंने कार्यकर्ताओं को भाजपा की साजिशों से सावधान रहने और इस बार धोखा न होने देने की अपील की।

भाजपा के कुशासन से जनता त्रस्त: अखिलेश

मंगलवार को समाजवादी पार्टी प्रदेश मुख्यालय पर विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में आए नेताओं और कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा के कुशासन, अन्याय, अत्याचार और भ्रष्टाचार से जनता त्रस्त हो गई है। जनता भाजपा को हटाना चाहती है। भाजपा सरकार में हर स्तर पर भेदभाव है। उन्होंने कहा कि भाजपा के अन्यायी शासन के खिलाफ पीडीए एकजुट है और पीडीए की एकजुटता से भाजपा घबराई हुई है। उनके मुताबिक, भाजपाई पीडीए के खिलाफ तरह-तरह की साजिश कर रहे हैं।

पीडीए को प्रोग्रेसिव और डेवलपमेंट का बताया

अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी का पीडीए प्रोग्रेसिव और डेवलपमेंट का है। यहां प्रेम, दया और अपनापन है। समाजवादी पार्टी सबको साथ लेकर चलती है और सभी का सम्मान करती है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से बूथों को मजबूत करने और जनता को समाजवादी पार्टी की योजनाओं के बारे में बताने को कहा। साथ ही सबके प्रति प्रेम, दया और अपनापन का व्यवहार करते हुए लोगों को जोड़ने की अपील की।

भाजपा पर नफरत की राजनीति का आरोप

अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा नफरत की राजनीति करती है और लोकतंत्र के खिलाफ है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा लोकतंत्र, संविधान और आरक्षण के लिए खतरा है। उन्होंने भाजपा को शिक्षा, स्वास्थ्य और किसान विरोधी बताया। उन्होंने कहा कि मुनाफाखोरी, कमीशनखोरी और बजट की लूट भाजपा का एजेंडा है। अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार को इतिहास की सबसे भ्रष्ट सरकार बताते हुए आरोप लगाया कि कमीशन के लिए सरकारी संपत्तियों को बेच दिया गया।

किसानों के मुद्दे पर भाजपा को घेरा

अखिलेश यादव ने कहा कि जेपीएनआईसी, प्लासियों मॉल, किसान बाजार और छतर मंजिल जैसी संपत्तियां बेच दी गईं। उन्होंने आरोप लगाया कि समाजवादी सरकार में किसानों के लिए बनाई गई मंडियों को भाजपा सरकार ने बर्बाद कर दिया।

उन्होंने कहा कि भाजपा किसानों की दुश्मन है। किसान की खाद चोरी हो गई है और जब से भाजपा सरकार आई है, हर सीजन में किसान खाद के लिए भटकता है। महंगाई के कारण खेती की लागत बढ़ गई है, लेकिन भाजपा सरकार किसानों की फसलों का सही मूल्य नहीं दिला पाई। उन्होंने आरोप लगाया कि बिचौलिये फसलों की लूट करते हैं और भाजपा ने किसानों तथा नौजवानों के साथ धोखा किया है।

स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति पर सवाल

अखिलेश यादव ने कहा कि प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं का बुरा हाल है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने लखनऊ के कैंसर संस्थान को बर्बाद कर दिया और सरकार कैंसर संस्थान नहीं चला पा रही है। उन्होंने कहा कि कैंसर के मरीज लगातार बढ़ रहे हैं, लेकिन कैंसर संस्थान में कोई व्यवस्था नहीं है। जिलों के मेडिकल कॉलेजों में इलाज का इंतजाम नहीं है और स्वास्थ्य विभाग में डॉक्टरों के बड़ी संख्या में पद खाली हैं।

एम्स और मेडिकल व्यवस्था पर भी निशाना

अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार गोरखपुर और रायबरेली के एम्स को भी नहीं चला पा रही है।अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी सरकार आने पर गरीबों का इलाज मुफ्त होगा और इलाज के लिए कोई कार्ड नहीं लगेगा। उन्होंने कहा कि समाजवादी सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य, चिकित्सा और खेल समेत हर क्षेत्र को बेहतर बनाएगी।

खेल और किसानों के लिए नीतियों का दावा

अखिलेश यादव ने कहा कि प्रदेश में स्पोर्ट्स पॉलिसी बनाई जाएगी और खेलों के लिए एक विशेष फंड बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि किसानों की सुविधाएं बढ़ाई जाएंगी तथा किसानों और बुनकरों के हित में फैसले लिए जाएंगे।

यह भी पढ़ें:   अफगानिस्तान T20 सीरीज के लिए भारतीय टीम का ऐलान, जसप्रीत बुमराह की वापसी

Related to this topic: