पूर्वी चंपारण में नाबालिग को कथित तौर पर 70 हजार रुपये में खरीदकर यूपी ले जाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने लड़की को सुरक्षित रेस्क्यू कर दो युवकों को गिरफ्तार किया है।
मोतिहारी: पूर्वी चंपारण के पिपराकोठी थाना क्षेत्र में नाबालिग लड़की की कथित तौर पर 70 हजार रुपये में खरीद-फरोख्त कर उत्तर प्रदेश ले जाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए यूपी के शाहजहांपुर निवासी दो युवकों को गिरफ्तार किया है। वहीं, नाबालिग लड़की को रेस्क्यू कर सुरक्षित संरक्षण में लिया गया है।
नशीला पदार्थ देकर यूपी ले जाने
पुलिस के अनुसार, लड़की के माता-पिता गुजरात में मजदूरी करते हैं। वह चकिया थाना क्षेत्र स्थित अपने घर में भाई और चाचा-चाची के साथ रहती थी। आरोप है कि चकिया की एक महिला के माध्यम से यूपी के लोगों से संपर्क हुआ और लड़की को 70 हजार रुपये में देने की बात सामने आई। बताया गया कि कथित शादी के बाद लड़की को खाना या नाश्ते में नशीला पदार्थ देकर बस से उत्तर प्रदेश ले जाया जा रहा था। इसी दौरान लड़की को होश आया। पिपराकोठी इलाके में वाहन जांच के दौरान वह बस से उतरकर पुलिस के पास पहुंची और मदद की गुहार लगाई।
नाबालिग को पुलिस ने संरक्षण में लिया
पुलिस ने तत्काल उसे अपने संरक्षण में लिया और दो युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। गिरफ्तार युवकों की पहचान शाहजहांपुर के सेरामु थाना क्षेत्र के बादशाह नगर निवासी 30 वर्षीय नीरज कश्यप और 35 वर्षीय प्रेम सागर कश्यप के रूप में हुई है। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर दोनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। मामले में कथित महिला दलाल समेत अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है। नाबालिग का न्यायालय में बयान दर्ज कराया जा रहा है।
ये भी पढ़ें- झालावाड़ में 7 माह से फरार आरोपी गिरफ्तार, 90 किलो डोडा चूरा बरामदगी का मामला