वैशाली के राजापाकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से जुड़ा एक कथित वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने का दावा किया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग ने मामले की जांच के लिए दो सदस्यीय टीम गठित की है।
वैशाली (बिहार)। जिले के राजापाकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से जुड़ा एक कथित वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो को लेकर गंभीर आरोप लगाए जा रहे हैं, हालांकि फिलहाल इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है और पूरा मामला जांच के दायरे में है। जानकारी के अनुसार, एक महिला अपने परिजन (सास) का एक्स-रे कराने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंची थी। आरोप है कि एक्स-रे जांच के लिए उससे अवैध रूप से पैसे मांगे गए।
महिला ने लगाए गंभीर आरोप
महिला द्वारा आर्थिक असमर्थता जताने पर उसके साथ एक्स-रे कक्ष में कथित रूप से अभद्र और आपत्तिजनक हरकत किए जाने का आरोप लगाया गया है। इस कथित घटना से जुड़ा एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल होने का दावा किया जा रहा है। इस घटना को लेकर स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ रहे हैं।
वीडियो की सत्यता की पुष्टि नहीं
हालांकि, इस वायरल वीडियो की सत्यता की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है। पूरे मामले की जांच जारी है और जांच रिपोर्ट आने के बाद ही घटना की वास्तविकता स्पष्ट हो सकेगी। इस संबंध में वैशाली के सिविल सर्जन ने बताया कि वायरल वीडियो कब का है और किस स्थान का है, इसकी पुष्टि फिलहाल नहीं हुई है।
जांच के लिए टीम गठित
उन्होंने कहा कि मामले की जांच के लिए दो सदस्यीय टीम को राजापाकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि वीडियो कब का है, कहां का है और उसमें लगाए जा रहे आरोप कितने सही हैं। फिलहाल पूरे मामले पर प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की जांच जारी है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई और तथ्यों की आधिकारिक पुष्टि हो सकेगी।
यह भी पढ़ें: मैनपुरी में केबल विवाद में घायल युवक की मौत, परिजनों और भीम आर्मी का प्रदर्शन