प्राइम न्यूज़ – एक कसम, राष्ट्र प्रथम
Breaking News

पुलिस ने पेश की मानवता की मिसाल

अंबेडकरनगर में रात 2 बजे सड़क पर मिली कई दिनों से लापता युवती, पुलिस ने मां से मिलाया

अंबेडकरनगर में देर रात गश्त के दौरान पुलिस को अकेली जा रही कई दिनों से लापता युवती मिली। पुलिस ने परिजनों से संपर्क कर आवश्यक औपचारिकताओं के बाद उसे सुरक्षित मां के सुपुर्द कर दिया।

अंबेडकरनगर में रात 2 बजे सड़क पर मिली कई दिनों से लापता युवती पुलिस ने मां से मिलाया

Ambedkar Nagar Police Reunites Missing Woman with Mother After Days (enhance with AI) |

अंबेडकरनगर (उत्तर प्रदेश)। जिले के बसखारी थाना क्षेत्र में पुलिस की सतर्कता और मानवीय संवेदनशीलता से कई दिनों से लापता एक युवती सकुशल अपने परिवार से मिल गई। देर रात सड़क पर अकेली जा रही युवती को देखकर पुलिसकर्मियों ने उससे पूछताछ की और परिजनों से संपर्क कर उसे सुरक्षित उसकी मां के सुपुर्द कर दिया।

युवती अकेली रात में जा रही थी पैदल

जानकारी के अनुसार, मंगलवार की रात करीब दो बजे एक युवती बसखारी से दरगाह किछौछा की तरफ अकेली पैदल जा रही थी। इसी दौरान किछौछा रामलीला में ड्यूटी समाप्त कर लौट रहीं महिला कांस्टेबल प्राची सिंह, अंजलि और प्रियंका की नजर युवती पर पड़ी। वहीं क्षेत्र में गश्त कर रहे कांस्टेबल भूपेश चौधरी भी मौके पर मौजूद थे।

सुनसान सड़क पर युवती से पूछताछ

सुनसान सड़क पर देर रात युवती को अकेला देखकर पुलिसकर्मियों ने उसकी सुरक्षा के मद्देनजर पूछताछ शुरू की। युवती ने अपनी पहचान सान्या झा पुत्री संजयकांत झा, निवासी आदित्यपुर, जिला सरायकेला, झारखंड के रूप में बताई। उसके पास मोबाइल फोन सहित कोई अन्य सामान नहीं था।

मां से संपर्क कर पुलिस ने युवती को सुरक्षित परिजनों के किया हवाले

पुलिसकर्मियों ने युवती से परिजनों का मोबाइल नंबर लेकर उसकी मां से बातचीत की। इस दौरान मां ने बताया कि उनकी बेटी की मानसिक स्थिति ठीक नहीं है। वह कई दिनों से घर से लापता थी और परिवार के लोग उसकी तलाश में परेशान थे। इसके बाद बसखारी पुलिस ने परिजनों को बुलाया और आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर युवती को सुरक्षित उसकी मां के हवाले कर दिया।

पुलिस की संवेदनशीलता की सराहना

कई दिनों से लापता बेटी के मिलने पर परिवार की चिंता दूर हुई। परिजनों ने पुलिसकर्मियों की मदद पर आभार जताया। वहीं महिला कांस्टेबलों और गश्ती पुलिसकर्मी की सजगता, संवेदनशीलता तथा मानवीय पहल की स्थानीय स्तर पर सराहना हो रही है। 

यह भी पढ़ें:   औरंगाबाद पुलिस के अभियान में 18 गिरफ्तार, 14.80 लीटर देसी शराब बरामद

Related to this topic: