प्राइम न्यूज़ – एक कसम, राष्ट्र प्रथम
Breaking News

अमेठी की महिला सिपाही ने कानपुर में जान दी

अमेठी में तैनात महिला सिपाही ने कानपुर में फंदे से लटककर दी जान, पिता ने जताई थाने में परेशानी की आशंका

अमेठी जिले के मोहनगंज थाने की महिला हेल्प डेस्क पर तैनात 22 वर्षीय महिला आरक्षी प्रतीक्षा सिंह ने कानपुर देहात के रेउना क्षेत्र स्थित अपने घर में फंदे से लटककर जान दे दी।

अमेठी में तैनात महिला सिपाही ने कानपुर में फंदे से लटककर दी जान पिता ने जताई थाने में परेशानी की आशंका

Amethi Woman Constable Dies by Suicide in Kanpur |

अमेठी {उत्तर प्रदेश}: अमेठी जिले के मोहनगंज थाने की महिला हेल्प डेस्क पर तैनात 22 वर्षीय महिला आरक्षी प्रतीक्षा सिंह ने कानपुर देहात के रेउना क्षेत्र स्थित अपने घर में फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली। प्रतीक्षा वर्ष 2025 बैच की कांस्टेबल थीं और करीब पांच महीने पहले ही पुलिस विभाग में भर्ती हुई थीं। घटना के बाद परिवार में मातम है।

छुट्टी लेकर घर के लिए निकली थीं प्रतीक्षा

परिजनों के मुताबिक, प्रतीक्षा बुधवार सुबह करीब 6 बजे 7 दिन की छुट्टी लेकर अमेठी से अपने घर के लिए निकली थीं। रास्ते में उन्होंने अपनी छोटी बहन दीपा को फोन किया और तनाव में होने की बात कही। जानकारी मिलने पर उनके पिता विजय सिंह उन्हें लेने गजनेर स्टेशन पहुंचे। पिता के अनुसार, स्टेशन पर प्रतीक्षा काफी गुमसुम थीं। जब उनसे उदासी का कारण पूछा गया तो उन्होंने तबीयत खराब होने की बात कही।

बहन से कहा- थोड़ी देर बाद बताऊंगी

घर पहुंचने के बाद छोटी बहन ने भी प्रतीक्षा से उनकी परेशानी के बारे में पूछा। बताया गया कि प्रतीक्षा ने कहा कि वह थोड़ी देर बाद सब बताएंगी। इसके बाद वह अपने कमरे में चली गईं। कुछ देर बाद बहन कमरे में पहुंची तो प्रतीक्षा फंदे से लटकी मिलीं। परिजन उन्हें तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

मोबाइल फोन रिसेट अवस्था में मिला

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल की। पुलिस को प्रतीक्षा का मोबाइल फोन रिसेट अवस्था में मिला है। फोन को कब्जे में लेकर तकनीकी जांच के लिए भेजा गया है। जांच के जरिए यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि मोबाइल फोन कब और किन परिस्थितियों में रिसेट हुआ था।

पिता ने थाने में परेशानी की जताई आशंका

प्रतीक्षा के पिता विजय सिंह ने कहा कि उनकी बेटी नौकरी को लेकर खुश थी और पुलिस की वर्दी पहनना उसका सपना था। उन्होंने आशंका जताई कि थाने में कुछ ऐसा हुआ होगा, जिसकी वजह से वह तनाव में आईं। उन्होंने पूरे मामले की जांच कराने की मांग की है।

अमेठी एसपी ने क्या कहा?

अमेठी एसपी ने बताया कि महिला आरक्षी प्रतीक्षा सिंह के आत्महत्या करने का मामला संज्ञान में आया है। परिजनों की ओर से लगाए गए आरोपों की जानकारी पुलिस को नहीं है और इस संबंध में अभी कोई शिकायत पत्र प्राप्त नहीं हुआ है। एसपी के मुताबिक, शिकायत मिलने पर मामले की जांच कराकर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

ये भी पढ़ें: रीवा में ‘धीमा ज़हर’: नगर निगम की सरपरस्ती में बिक रहा बीमारियों से तड़पते और मरे बकरों का मांस

Related to this topic: