उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश के ऐशबाग, विंध्याचल, फतेहपुर, पनकी धाम, मोदीनगर, शामली एवं धामपुर रेलवे स्टेशनों का आधुनिक स्वरूप प्रदेश के विकास को नई गति देगा।
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य ने यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी द्वारा अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत देश के 75 पुनर्विकसित रेलवे स्टेशनों का लोकार्पण तथा अमृतसर-वाराणसी एक्सप्रेस ट्रेन के शुभारंभ पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे भारत की आधुनिक, सुरक्षित, सुगम एवं यात्री-केंद्रित रेल व्यवस्था की दिशा में एक ऐतिहासिक उपलब्धि बताया है।
रेलवे अभूतपूर्व परिवर्तन के दौर से गुजर रही
उपमुख्यमंत्री श्री मौर्य ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के दूरदर्शी नेतृत्व में भारतीय रेलवे अभूतपूर्व परिवर्तन के दौर से गुजर रही है। रेलवे स्टेशनों का पुनर्विकास केवल भवनों के सौंदर्यीकरण तक सीमित नहीं है, बल्कि यह यात्रियों को विश्वस्तरीय सुविधाएं, आधुनिक तकनीक, बेहतर सुरक्षा, स्वच्छ वातावरण तथा सुगम आवागमन उपलब्ध कराने की दिशा में एक व्यापक अभियान है।
यात्रियों का सफर आरामदायक होगा
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश के ऐशबाग, विंध्याचल, फतेहपुर, पनकी धाम, मोदीनगर, शामली एवं धामपुर रेलवे स्टेशनों का आधुनिक स्वरूप प्रदेश के विकास को नई गति देगा। इन स्टेशनों पर विकसित की गई अत्याधुनिक सुविधाएं यात्रियों के सफर को अधिक सुरक्षित, आरामदायक एवं सुविधाजनक बनाएंगी। साथ ही दिव्यांगजन, वरिष्ठ नागरिकों एवं महिलाओं के लिए भी बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
पुनर्विकसित स्टेशनों से प्रदेश में कनेक्टिविटी मजबूत होगी
श्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि अमृत भारत स्टेशन योजना के माध्यम से रेलवे स्टेशन स्थानीय संस्कृति, विरासत और क्षेत्रीय पहचान के अनुरूप विकसित किए जा रहे हैं, जिससे स्थानीय पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा तथा व्यापार, उद्योग और रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश धार्मिक, सांस्कृतिक एवं औद्योगिक दृष्टि से देश का महत्वपूर्ण राज्य है और इन पुनर्विकसित स्टेशनों से प्रदेश में कनेक्टिविटी और आर्थिक गतिविधियों को नई मजबूती प्राप्त होगी।
सामाजिक-सांस्कृतिक संबंधों को भी नई ऊर्जा मिलेगी
उपमुख्यमंत्री ने अमृतसर-वाराणसी एक्सप्रेस ट्रेन के शुभारंभ का स्वागत करते हुए कहा कि यह नई रेल सेवा देश के विभिन्न क्षेत्रों के बीच संपर्क को और सशक्त बनाएगी। इससे यात्रियों को अधिक सुविधाजनक यात्रा उपलब्ध होगी तथा धार्मिक पर्यटन, व्यापारिक गतिविधियों और सामाजिक-सांस्कृतिक संबंधों को भी नई ऊर्जा मिलेगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में देश में सड़क, रेल, हवाई एवं जल परिवहन सहित सभी क्षेत्रों में आधुनिक आधारभूत संरचना का तेजी से विस्तार हो रहा है। विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में मजबूत और आधुनिक परिवहन व्यवस्था की महत्वपूर्ण भूमिका है तथा भारतीय रेलवे इस परिवर्तन का प्रमुख आधार बन रही है।
उत्तर प्रदेश आज देश के सबसे तेज़ी से विकसित होने वाले राज्यों में शामिल
श्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि डबल इंजन सरकार के प्रयासों से उत्तर प्रदेश आज देश के सबसे तेज़ी से विकसित होने वाले राज्यों में शामिल है। रेलवे सहित सभी क्षेत्रों में हो रहे अभूतपूर्व विकास कार्य प्रदेश की अर्थव्यवस्था को नई ऊंचाइयों तक ले जाने का कार्य करेंगे। उपमुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य ने देशवासियों को अत्याधुनिक आधारभूत संरचना, आधुनिक रेलवे स्टेशन एवं सुविधाजनक रेल सेवाएं समर्पित करने के लिए यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी का हार्दिक आभार एवं अभिनंदन व्यक्त करते हुए कहा कि यह पहल विकसित भारत के निर्माण की दिशा में एक और महत्वपूर्ण मील का पत्थर सिद्ध होगी।