डीडवाना-कुचामन में आगामी निकाय एवं पंचायत चुनावों को लेकर यूथ कांग्रेस ने 'पंचायत टास्क फोर्स' अभियान शुरू किया है। अभियान के तहत युवाओं को चुनावी मैदान में उतारने की तैयारी की जा रही है।
डीडवाना: आगामी निकाय एवं पंचायत चुनावों को लेकर राजनीतिक दलों ने अपनी-अपनी चुनावी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में यूथ कांग्रेस की ओर से 'पंचायत टास्क फोर्स' अभियान शुरू किया गया है, जिसके तहत कांग्रेस के लिए लंबे समय से सक्रिय, समर्पित और निष्ठावान युवाओं को चिन्हित कर उन्हें चुनावी मैदान में उतारने की तैयारी की जा रही है।
पोस्टर विमोचन के साथ राजस्थान में किया अभियान का आगाज
डीडवाना-कुचामन जिले के कुचामन सिटी में यूथ कांग्रेस के राष्ट्रीय संयोजक एवं अभियान के जिला प्रभारी आसिफ पंवार ने पोस्टर विमोचन के साथ अभियान का राजस्थान प्रदेश में आगाज किया। इस दौरान कांग्रेस नगर अध्यक्ष सुतेंद्र सारस्वत, पूर्व सभापति आसिफ खान, सिकंदर खींची,दुर्गाराम चौधरी, नासिर रंगरेज सहित कांग्रेस के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
अभियान के तहत कराया जा रहा क्षेत्रवार और वार्डवार सर्वे
मीडिया से बातचीत में आसिफ पंवार ने बताया कि 'पंचायत टास्क फोर्स' अभियान के तहत क्षेत्रवार और वार्डवार सर्वे कराया जा रहा है, जिसमें ऐसे युवाओं को चिन्हित किया जा रहा है, जो लंबे समय से कांग्रेस के लिए काम कर रहे हैं, संगठन के प्रति समर्पित हैं और कांग्रेस की रीति-नीति को जनता के बीच ले जा रहे हैं।
कांग्रेस के प्रत्याशी बनकर चुनावी मैदान में उतरें युवा: आसिफ पंवार
उन्होंने कहा कि चिन्हित किए जाने वाले युवाओं को यूथ कांग्रेस की ओर से पूरा समर्थन दिया जाएगा और प्रयास रहेगा कि अधिक से अधिक युवा निकाय चुनाव में कांग्रेस के प्रत्याशी बनकर चुनाव मैदान में उतरें। पंवार ने कहा कि वर्तमान समय में युवाओं का "जेन जी" का कांग्रेस को समर्थन मिल रहा है और इस बार निकाय चुनाव में युवा शक्ति को ज्यादा से ज्यादा प्रतिनिधित्व देने का प्रयास किया जाएगा।
इन कार्यकर्ताओं को दी जाएगी प्राथमिकता
वहीं, कांग्रेस के नगर अध्यक्ष सुतेंद्र सारस्वत ने कहा कि टिकट चयन प्रक्रिया में जिताऊ और पार्टी के प्रति समर्पित कार्यकर्ताओं को प्राथमिकता दी जाएगी। कांग्रेस इस बार पूर्ववर्ती गहलोत सरकार के कार्यकाल की उपलब्धियों के साथ-साथ कुचामन नगर परिषद में कांग्रेस बोर्ड के करीब साढ़े चार साल के कार्यकाल में कराए गए विकास कार्यों को चुनावी मुद्दा बनाकर जनता के बीच जा रही है।
ये भी पढ़ें- 67 वर्षीय बुजुर्ग ने 15 वर्षीय नातिन से कई महीनों तक किया दुष्कर्म, गर्भवती होने पर सामने आया सच