वाराणसी की सदर तहसील स्थित मतदान केंद्र पर विधान परिषद चुनाव के दौरान सपा के निवर्तमान MLC आशुतोष सिन्हा के मतदान के बाद मतदाताओं से संपर्क साधने को लेकर विवाद हो गया।
वाराणसी: उत्तर प्रदेश विधान परिषद चुनाव के मतदान के दौरान वाराणसी की सदर तहसील स्थित पोलिंग बूथ पर शुक्रवार को भारी हंगामा और नोकझोंक देखने को मिली। निवर्तमान सपा एमएलसी आशुतोष सिन्हा अपना मतदान करने पहुंचे थे। आरोप है कि वोट डालने के बाद वह मतदान केंद्र परिसर के भीतर हाथ जोड़कर मतदाताओं से संपर्क साधने लगे।
बूथ परिसर में प्रचार को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं का विरोध
भाजपा कार्यकर्ताओं ने इसे चुनाव आचार संहिता का सीधा उल्लंघन बताते हुए बूथ परिसर में प्रचार करने का कड़ा विरोध किया। देखते ही देखते माहौल तनावपूर्ण हो गया और दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस के साथ धक्का-मुक्की की नौबत आ गई। भाजपा समर्थकों ने मौके पर तैनात पुलिस प्रशासन के खिलाफ भी जमकर नारेबाजी की। कार्यकर्ताओं ने पुलिसकर्मियों से तीखी नोकझोंक करते हुए पुलिस पर पक्षपात और 'जातिवाद' का आरोप लगाया।
हंगामे के बाद अतिरिक्त पुलिस बल तैनात
उनका कहना था कि खाकी की मौजूदगी में नियमों की अनदेखी कराई जा रही है और सपा नेता को खुलेआम प्रचार की छूट दी गई। हंगामे के चलते मतदान केंद्र पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर पहुंचा और हस्तक्षेप कर दोनों पक्षों को अलग किया। प्रशासन ने स्थिति को संभालते हुए मतदान को शांतिपूर्ण ढंग से जारी कराया।
ये भी पढ़ें- नींबू-अमरूद की खेती पर किसानों को मिलेगा अनुदान, ऑनलाइन आवेदन शुरू