औरंगाबाद के मदनपुर-देव पथ पर उमगा तालाब के पास तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की टक्कर से 52 वर्षीय सुरेंद्र भुइयां की मौत हो गई, जबकि पुलिस वाहन की पहचान में जुटी है।
Aurangabad: 52-Year-Old Labourer Killed After Being Hit by Speeding Unknown Vehicle |
औरंगाबाद (बिहार)। रविवार की देर शाम तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की टक्कर से 52 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। घटना मदनपुर-देव पथ पर उमगा तालाब के समीप की है। मृतक की पहचान मदनपुर थाना क्षेत्र के पूर्णाडीह टोले पक्का पर निवासी स्व. जिमेंदार भुइयां के 52 वर्षीय पुत्र सुरेंद्र भुइयां के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि सुरेंद्र भुइयां रोज की तरह मजदूरी कर मदनपुर से अपने घर लौट रहे थे, तभी यह हादसा हो गया।
सुनसान सड़क पर तड़पता रहा मृतक
जानकारी के अनुसार, सुरेंद्र भुइयां जैसे ही उमगा तालाब के पास पहुंचे, तभी तेज रफ्तार से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वे सड़क पर ही गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। रात का समय होने और सड़क सुनसान रहने के कारण घायल सुरेंद्र भुइयां काफी देर तक वहीं तड़पता रहे। उसके शरीर से काफी खून बह चुका था। कुछ देर बाद एक राहगीर की नजर घायल पर पड़ी, जिसके बाद स्थानीय लोगों को इसकी सूचना दी गई।
चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत किया घोषित
सूचना मिलते ही परिजन और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और आनन-फानन में उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मदनपुर ले जाया गया। लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल औरंगाबाद भेज दिया। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और अज्ञात वाहन की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश भी देखने को मिला।
मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा देने की मांग
लोगों ने मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा देने की मांग की है। सुरेंद्र भुइयां अपने परिवार के इकलौते कमाने वाले सदस्य थे। उनकी मौत के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घटना के बाद से पत्नी सरोजनी देवी और चारों बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। थानाध्यक्ष राजेश कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। वहीं मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।
यह भी पढ़ेंः डिंडोरी: जर्जर स्कूल भवन में पढ़ने को मजबूर बच्चे, बारिश में टपकती छत और एक कमरे में चल रहीं 5 कक्षाएं