औरंगाबाद में विशेष अभियान के दौरान 52 गिरफ्तार, 841 वाहनों की जांच और 30 हजार रुपये शमन शुल्क वसूला गया।
औरंगाबाद {बिहार}: पुलिस ने 26 और 27 अगस्त को जिले भर में चलाए गए विशेष अभियान में बड़ी कार्रवाई की है। एसपी उपेंद्र नाथ वर्मा ने बताया कि इस दौरान कुल 52 लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जिसमें 20 अभियुक्तों को जेल भेजा गया है। इस दौरान हत्या के प्रयास के मामले में 1, मद्यनिषेध के मामले में 11 और अन्य मामलों में 40 लोगों की गिरफ्तारी हुई है। अभियान के दौरान कुल 841 वाहनों की जांच की गई और 30 हजार रुपये शमन शुल्क वसूला गया।
246 लीटर से अधिक शराब बरामद
पुलिस ने कुल 48.75 लीटर देशी शराब और 198 लीटर विदेशी शराब बरामद की है। इसके अलावा 2 मोटरसाइकिल, 1 चार चक्का वाहन, 1 ट्रैक्टर और 100 सीएफटी बालू भी जब्त किया गया है। थानावार कार्रवाई में बारुण थाना कांड संख्या-345/26 में 198 लीटर विदेशी शराब और एक चार चक्का वाहन के साथ अफरीदी खान, पिता ईसुल खान, निवासी बनतारा, थाना देवकुंड, जिला औरंगाबाद को गिरफ्तार किया गया।
खैरा में शराब के साथ दो गिरफ्तार
खैरा थाना कांड संख्या-73/26 में 0.750 लीटर देशी शराब और एक मोटरसाइकिल के साथ नितीश कुमार, पिता जय कुमार चौहान और बिहारी चौहान, पिता विश्वनाथ चौहान, दोनों निवासी बोनिमसीहा, थाना हैदरनगर, जिला पलामू (झारखंड) को पकड़ा गया। खुदवां थाना कांड संख्या-117/26 में 4.50 लीटर देशी शराब के साथ संजू देवी, पति सुदर्शन चौधरी, निवासी मलबी को गिरफ्तार किया गया। वहीं, कुटुम्बा थाना कांड संख्या-159/26 में 43.5 लीटर देशी शराब और एक मोटरसाइकिल के साथ अजय कुमार सिंह, पिता विजकेश्वर सिंह और पवन कुमार चौहान, पिता अवधेश चौहान, दोनों निवासी शोभीचक, थाना पिपरा, जिला पलामू (झारखंड) को गिरफ्तार किया गया।
ट्रैक्टर और बालू भी जब्त
देवकुंड थाना सनहा संख्या-711/26 में पुलिस ने एक ट्रैक्टर और 100 सीएफटी बालू बरामद किया है। इसी क्रम में मदनपुर थाना क्षेत्र में पशु तस्करी के विरुद्ध भी कार्रवाई की गई। पुलिस ने थाना कांड संख्या-343/26 दिनांक 27.08.2026 में बीएनएस 2023 की धारा 281/303(2)/317(5)/3(5) एवं बिहार पशु परिरक्षण एवं सुधार अधिनियम 1955 की धारा 414(बी) के तहत अभियुक्त सोनू खान, पिता मो. बजीर खान, निवासी योना, थाना मैगरा, जिला गया को 28 मवेशियों के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, जिले में अपराध, शराबबंदी और पशु तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
यह भी पढ़ें: पिंपरी-चिंचवाड़ में नाले में गिरने से दो मजदूरों की मौत, जांच जारी