औरंगाबाद में पुलिस ने विशेष अभियान के तहत 53 आरोपियों को गिरफ्तार किया। 28 को जेल भेजा गया। एक देसी कट्टा, एयरगन बरामद हुई और वाहन जांच में 19,500 रुपये जुर्माना वसूला गया।
औरंगाबाद (बिहार)। बिहार के औरंगाबाद जिले में अपराध नियंत्रण को लेकर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। एसपी उपेंद्र नाथ वर्मा के निर्देश पर जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में चलाए गए विशेष अभियान और छापेमारी में पुलिस ने कुल 53 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें 28 अभियुक्तों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने एक देसी कट्टा और एक एयरगन भी बरामद की, जबकि 1006 वाहनों की जांच कर यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों से 19,500 रुपये जुर्माना वसूला गया।
53 गिरफ्तार, 28 अभियुक्त भेजे गए जेल
एसपी उपेंद्र नाथ वर्मा के निर्देश पर पुलिस मुख्यालय से 30 अगस्त 2026 को दी गई जानकारी के अनुसार, जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में की गई कार्रवाई के दौरान कुल 53 लोगों को गिरफ्तार किया गया, जिनमें से 28 अभियुक्तों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
मद्यनिषेध मामले में सबसे ज्यादा 10 गिरफ्तार
जारी आंकड़ों के अनुसार, इस दौरान आर्म्स एक्ट के शीर्ष में 03, एससी-एसटी एक्ट के शीर्ष में 02, हत्या के प्रयास के मामले में 05, मद्यनिषेध अधिनियम के तहत 10 तथा अन्य विभिन्न मामलों में 33 लोगों की गिरफ्तारी हुई है। पुलिस ने इस दौरान 11 लंबित वारंटों का भी निष्पादन किया है।
1006 वाहनों की जांच, 19,500 रुपये जुर्माना वसूला
इसके अलावा जिले भर में चलाए गए विशेष वाहन जांच अभियान के तहत कुल 1006 वाहनों की जांच की गई। जांच के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों से कुल 19,500 रुपये शमन की राशि वसूली गई। अन्य उपलब्धियों में पुलिस ने एक देसी कट्टा और एक एयरगन भी बरामद किया है।
बंदेया में तीन आरोपी हथियार के साथ गिरफ्तार
पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, बंदेया थाना क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए आर्म्स एक्ट के अभियुक्तों को हथियार के साथ गिरफ्तार किया गया। बंदेया थाना कांड संख्या 98/26 दिनांक 29.08.26 के अभियुक्त मिस्टर खान, महबूब खान दोनों पिता मौसिब खान और कमरान खान पिता मिस्टर खान, तीनों साकिन जितिया थाना बंदेया जिला औरंगाबाद को एक देसी कट्टा और एक एयरगन के साथ गिरफ्तार किया गया। इन पर बीएनएस की विभिन्न धाराओं के साथ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज है।
कुटुंबा में एससी-एसटी के दो मामलों में गिरफ्तारी
वहीं, कुटुंबा थाना क्षेत्र में एससी-एसटी से जुड़े दो अलग-अलग मामलों में कार्रवाई की गई। कुटुंबा थाना कांड संख्या 69/26 में अभियुक्त अंकित कुमार पिता भूषण सिंह साकिन अनकुपा को गिरफ्तार किया गया, जबकि कांड संख्या 89/26 में हिमांशु कुमार पिता अजय सिंह साकिन मटपा थाना कुटुंबा को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया है। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि जिले में अपराधियों के विरुद्ध आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और ऐसे अभियानों में तेजी लाई जाएगी।
यह भी पढ़ें: NEET PG 2026 परीक्षा शुरू, 2.73 लाख से अधिक मेडिकल उम्मीदवार दे रहे एग्जाम