बलिया,(उत्तर प्रदेश)। उत्तर प्रदेश के बलिया में जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जिले के नगर निकायों में संचालित विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारियों को योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाने और लापरवाही पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गई।
सभी नालों की समयबद्ध सफाई सुनिश्चित की जाए
जिलाधिकारी ने निर्देश दिया, कि जनपद के सभी नालों की समयबद्ध सफाई सुनिश्चित की जाए तथा इसकी जांच भी कराई जाएगी। उन्होंने कहा, कि जहां-जहां एमआरएफ (मैटेरियल रिकवरी फैसिलिटी) सेंटर स्थापित हैं, उनका नियमित संचालन होना चाहिए। जांच में संचालन बंद मिलने पर संबंधित के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जाएगी। यदि संचालन में कोई समस्या है, तो अधिकारियों को तत्काल अवगत कराने को कहा गया।
निर्माणाधीन एमआरएफ सेंटरों को पूरा कराने के निर्देश
निर्माणाधीन एमआरएफ सेंटरों को भी शीघ्र पूरा कराने के निर्देश दिए गए। उन्होंने सभी अधिशासी अधिकारियों (ईओ) को अपने-अपने क्षेत्रों में कूड़ा उठान और उसके वैज्ञानिक निस्तारण की व्यवस्था सख्ती से लागू करने के निर्देश देते हुए कहा कि इसमें किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। साथ ही साफ किए गए नालों की फोटो उपलब्ध कराने और टीम गठित कर उनकी जांच कराने के निर्देश भी दिए।
स्वीकृत 14 कार्यों में केवल चार पूरे
मुख्यमंत्री नगर सृजन योजना की समीक्षा के दौरान डीएम ने पाया कि ग्राम पंचायत नगरा में स्वीकृत 14 कार्यों में केवल चार पूरे हुए हैं, जबकि 10 कार्य अभी लंबित हैं। वहीं नगर पंचायत रतसर कला में स्वीकृत 10 कार्यों की धीमी प्रगति पर उन्होंने कड़ी नाराजगी जताई और नियमित मॉनिटरिंग कर समयबद्ध ढंग से सभी कार्य को पूरे कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा, कि जहां कार्यों में अनावश्यक देरी हो रही है, वहां संबंधित ठेकेदारों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। साथ ही सीवरेज एवं जल निकासी से जुड़े पूर्ण हो चुके कार्यों को तत्काल क्रियाशील बनाने के निर्देश दिए।
रतसर कला के ईओ से मांगा स्पष्टीकरण
राज्य सेक्टर पेयजल व्यवस्था योजना की समीक्षा में भी डीएम ने असंतोष जताया। जनपद में स्वीकृत 53 कार्यों में केवल 11 कार्य पूरे होने पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को फटकार लगाई। नगर पंचायत बेल्थरारोड में स्वीकृत 16 कार्यों में एक भी कार्य पूरा न होने पर अधिशासी अधिकारी से स्पष्टीकरण तलब किया गया। शहरी क्षेत्रों में अंत्येष्टि स्थल निर्माण योजना के तहत नगर पंचायत रतसर कला में धनराशि उपलब्ध होने के बावजूद कार्य शुरू न होने पर भी डीएम ने रतसर कला के ईओ से स्पष्टीकरण मांगा।
सभी योजनाओं को गुणवत्ता और समयबद्धता के साथ पूरे किए जाएं
इसके अलावा वंदन योजना की समीक्षा के दौरान भी प्रगति संतोषजनक न मिलने पर अधिकारियों को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा, कि वह स्वयं योजनाओं का निरीक्षण करेंगे। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया, कि सभी योजनाओं को गुणवत्ता और समयबद्धता के साथ पूरा कराया जाए। किसी भी स्तर पर लापरवाही मिलने पर संबंधित अधिकारियों एवं जिम्मेदार लोगों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। बैठक में एडीएम अनिल कुमार, समस्त ईओ एवं अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।
यह भी पढ़ेंः मिर्ज़ापुर मेडिकल कॉलेज में अव्यवस्थाओं के खिलाफ MBBS छात्रों का धरना