बांदा के बीएल विद्या मंदिर आवासीय विद्यालय में हॉस्टल में रहकर पढ़ रहे दो छात्रों की अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद इलाज के दौरान मौत हो गई।
बांदा: हॉस्टल में रहकर पढ़ाई कर रहे दो मासूम छात्रों की अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद इलाज के दौरान मौत हो गई। कुछ ही घंटों के अंतराल में दो बच्चों की मौत से स्कूल परिसर से लेकर अस्पताल तक हड़कंप मच गया, जिन बच्चों के हाथों में किताबें और आंखों में भविष्य के सपने थे। उनकी अचानक मौत ने परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
इलाज के दौरान हो गई मौत
मामला कोतवाली नगर क्षेत्र के झील का पुरवा स्थित बीएल विद्या मंदिर आवासीय विद्यालय का है। यहां हॉस्टल में रहकर पढ़ाई कर रहे नितिन (12) निवासी सरस्वाह और अरुण (14) की रविवार रात अचानक तबीयत बिगड़ गई। बताया गया कि दोनों छात्रों की हालत बिगड़ने पर विद्यालय प्रबंधन ने उन्हें आनन-फानन जिला अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने नितिन की हालत गंभीर देखते हुए उसे रानी दुर्गावती मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। दोनों का इलाज शुरू हुआ, लेकिन डॉक्टरों के प्रयासों के बावजूद दोनों छात्रों की जान नहीं बच सकी।
बच्चों की मौत पर खड़े हो रहे सवाल
सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर ऐसा क्या हुआ कि हॉस्टल में रह रहे दोनों छात्रों की अचानक तबीयत बिगड़ी और इलाज के दौरान दोनों की मौत हो गई? क्या दोनों छात्रों को कोई बीमारी थी, क्या उन्होंने कुछ खाया था या फिर तबीयत बिगड़ने के पीछे कोई अन्य वजह थी? फिलहाल इन सवालों का जवाब सामने नहीं आया है। विद्यालय प्रबंधन के मुताबिक, दोनों छात्रों की तबीयत अचानक खराब हुई थी। वहीं पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद पता चलेगी मौत की वजह
पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह स्पष्ट हो सकेगी। दो बच्चों की मौत की खबर जैसे ही उनके परिजनों तक पहुंची, घरों में मातम पसर गया। परिजन अस्पताल पहुंचे तो बच्चों को खोने का गम देखकर हर किसी की आंखें नम हो गईं, जिस उम्र में बच्चे अपने सपनों को आकार देने के लिए पढ़ाई कर रहे थे, उसी उम्र में उनकी जिंदगी अचानक थम गई। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही साफ होगा कि दोनों छात्रों की अचानक तबीयत बिगड़ने और मौत के पीछे आखिर क्या कारण था।
ये भी पढ़ें- प्रशांत किशोर ने विधायक की ली शपथ, बोले , गर्व की बात