बांदा के चंदवारा गांव में घर में सो रहे युवक पर अज्ञात हमलावरों ने धारदार हथियार से हमला कर दिया। घायल ने 25 हजार रुपये लूटने का आरोप लगाया है।
बांदा (उत्तर प्रदेश)। जनपद के पैलानी थाना क्षेत्र के चंदवारा गांव में आधी रात उस वक्त हड़कंप मच गया, जब घर में अकेले सो रहे 40 वर्षीय युवक पर अज्ञात हमलावरों ने चाकू और धारदार हथियार से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। युवक के गले, हाथ और शरीर पर करीब पांच वार किए गए। घायल ने हमलावरों पर 25 हजार रुपये लूटने का भी गंभीर आरोप लगाया है।
सोते समय अचानक हमला, खून से लथपथ हुआ युवक
चंदवारा निवासी दीपक सिंह पुत्र स्व. तरुण सिंह के मुताबिक,बीती रात को वह घर में अकेले सो रहा था। इसी दौरान अचानक हमलावरों ने उस पर हमला बोल दिया। धारदार हथियार से किए गए वारों में वह गंभीर रूप से घायल हो गया।वारदात के बाद डायल 112 को सूचना दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को सीएचसी जसपुरा लेकर गई। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे रानी दुर्गावती मेडिकल कॉलेज, बांदा रेफर कर दिया।
पुराने विवाद से जुड़ा है मामला?
घायल के बहनोई भूरा सिंह कछवाह ने पैलानी थाने में तहरीर दी है। घायल दीपक ने गांव के ही सुरेंद्र पुत्र मुन्नीलाल वर्मा पर शक जताया है। उसका कहना है कि कुछ दिन पहले सुरेंद्र से उसका विवाद हुआ था। साथ ही दो अज्ञात लोगों के भी वारदात में शामिल होने की आशंका जताई गई है।
लूट के पीछे कौन? पुलिस के सामने कई सवाल
घटना में लूट और पुराने विवाद, दोनों एंगल सामने आने के बाद पुलिस जांच में जुट गई है। थानाध्यक्ष पैलानी राममोहन राय ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। नामजद व्यक्ति और दो अज्ञात आरोपितों की भूमिका की जांच की जा रही है। बड़ा सवाल: आखिर आधी रात घर में सो रहे युवक को किसने निशाना बनाया? क्या वारदात के पीछे पुरानी रंजिश थी या 25 हजार रुपये की लूट ही मकसद था? पुलिस की जांच के बाद ही पूरी तस्वीर साफ होगी।
यह भी पढ़े: चंदौली में रेलवे सिग्नल केबल चोरी का खुलासा, 3 चोर और माल खरीदने वाला कबाड़ी गिरफ्तार