बरेली के शाही क्षेत्र में रातभर गैस रिसाव से कमरे में गैस जमा होने के बाद शुक्रवार सुबह चूल्हा जलाते समय जोरदार धमाका हो गया, जिसमें एक महिला गंभीर रूप से झुलस गईं।
बरेली (उत्तर प्रदेश)। थाना शाही क्षेत्र के कस्बे में शुक्रवार सुबह गैस चूल्हा जलाते समय अचानक तेज धमाका हो गया। हादसे में राधा (35) पत्नी अमित गंभीर रूप से झुलस गईं। परिजन उन्हें लेकर बरेली के एक निजी अस्पताल पहुंचे, जहां हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने दिल्ली रेफर कर दिया। घटना की सूचना पर एसडीएम निधि शुक्ला सीओ अजय कुमार और तहसीलदार आशीष कुमार सिंह ने मौके पर पहुंचकर जानकारी ली। जानकारी के अनुसार, घर में गैस सिलिंडर से गैस का रिसाव हो रहा था। रातभर गैस रिसने से कमरे में गैस जमा हो गई।
महिला आग की चपेट में आने से गंभीर रूप से झुलसी
शुक्रवार सुबह राधा ने जैसे ही माचिस जलाकर गैस चूल्हा चालू करने का प्रयास किया, अचानक तेज धमाका हो गया। इससे आग भड़क उठी और वह उसकी चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गईं। धमाके के कारण गैस की चिमनी का पाइप भी फट गया। हादसे के बाद घर में चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल महिला को उपचार के लिए बरेली के निजी अस्पताल भिजवाया। वहां डॉक्टरों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए दिल्ली रेफर कर दिया।
गंभीर हालत में दिल्ली भेजी गई महिला
घटना की जानकारी मिलने पर एसडीएम निधि शुक्ला और तहसीलदार आशीष कुमार सिंह भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने हादसे के संबंध में जानकारी जुटाई।तहसीलदार आशीष कुमार सिंह ने बताया कि शुक्रवार सुबह महिला गैस जला रही थीं, तभी तेज धमाका हो गया। हादसे में वह काफी झुलस गई हैं। उनकी हालत गंभीर होने के कारण बरेली से दिल्ली रेफर किया गया है।
यह भी पढ़ेंः इटावा में दर्दनाक सड़क हादसा, छिमारा रोड पर अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत