बेंगलुरु एयरपोर्ट के पास होटल में दो बच्चियों के शव मिले। पिता पर हत्या का आरोप है। आरोपी ने आत्महत्या की कोशिश की, उसकी हालत खतरे से बाहर है।
बेंगलुरु (कर्नाटक)। बेंगलुरु से इस वक्त की बेहद दर्दनाक खबर सामने आई है। एयरपोर्ट के पास एक होटल में 45 साल के शख्स पर अपनी दो बेटियों की हत्या का आरोप लगा है। पुलिस के मुताबिक, दोनों बच्चियों के शव होटल के कमरे में मिले, जबकि आरोपी ने खुदकुशी की कोशिश की थी। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
आत्महत्या करने की कोशिश
DCP (उत्तर-पूर्व बेंगलुरु) जी.के. मिथुन कुमार के अनुसार, दोनों लड़कियों के शव होटल और सुरक्षा कर्मचारियों को मिले। एक कोने में उन्हें आरोपी SG इमरान मिला, जिसने अपना गला काटकर आत्महत्या करने की कोशिश की थी। हालांकि, बाद में उसे मणिपाल अस्पताल ले जाया गया और अभी वह खतरे से बाहर है।
लड़कियां बिस्तर पर मृत पाई गईं
DCP (उत्तर-पूर्व बेंगलुरु) जी.के. मिथुन कुमार ने बताया "परसों शाम करीब 5:30 बजे, इमरान नाम का एक व्यक्ति अपनी दो बेटियों के साथ एयरपोर्ट के पास एक होटल में रुका। आज शाम करीब 4 बजे, होटल के कर्मचारियों ने दरवाजा खटखटाने की कोशिश की, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। जब होटल के कर्मचारी सुरक्षाकर्मियों के साथ कमरे में गए और जांच की, तो दोनों लड़कियां बिस्तर पर मृत पाई गईं और एक कोने में इमरान ने अपना गला काटकर आत्महत्या करने की कोशिश की थी। मैं भी घटनास्थल पर गया था।"
पुलिस ने मामला दर्ज कर शुरू की जांच
पुलिस अधिकारी ने आगे बताया कि आरोपी ने खुद अपराध कबूल कर लिया है और पुलिस को एक पत्र भी मिला है जिससे पति-पत्नी के बीच वैवाहिक विवाद का संकेत मिलता है। "इमरान ने खुद बताया कि उसने यह अपराध किया है और एक पत्र भी मिला है। उसने पत्र में कुछ मुद्दों का जिक्र किया है, सभी विवरणों की जांच करते हुए हमने मामला दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है। हम सभी पहलुओं से जांच करेंगे।" पुलिस के अनुसार, SG इमरान और उसकी पत्नी के बीच बच्चों की कस्टडी को लेकर विवाद था। पत्र में इमरान ने कथित तौर पर कहा है कि वह दोनों बच्चों की कस्टडी चाहता था, लेकिन परिवार के सदस्य सहमत नहीं थे, जिसका उसने ज़िक्र किया है। (Source: ANI)
यह भी पढ़े: दक्षिणी लेबनान में बढ़ा तनाव, UNIFIL ने दर्ज कीं 455 इजरायली मिसाइलें और 97 हवाई उल्लंघन