मुरादाबाद के सिविल लाइंस इलाके में गरबा और डांडिया कार्यक्रमों को लेकर विवाद बढ़ गया है। हाई स्ट्रीट मार्केट और वेव सिनेमा मॉल के आसपास 'लव जिहाद से सावधान' संदेश वाले पोस्टर लगाए गए हैं।
मुरादाबाद: मुरादाबाद में नवरात्रि से पहले गरबा और डांडिया कार्यक्रमों को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। शहर के सिविल लाइंस इलाके में 'लव जिहाद से सावधान' संदेश वाले पोस्टर लगाए गए हैं। पोस्टरों में गरबा कार्यक्रमों के दौरान हिंदू महिलाओं और युवतियों से सतर्क रहने की अपील की गई है। वहीं, गरबा पंडालों में गैर-हिंदुओं की एंट्री रोकने की भी अपील की गई है। हालांकि, इन पोस्टरों को किस संगठन या व्यक्ति ने लगाया है, इसकी अभी पुष्टि नहीं हुई है।
गरबा और डांडिया कार्यक्रमों में एंट्री को लेकर सख्ती बरतने की अपील
मुरादाबाद के हाई स्ट्रीट मार्केट और वेव सिनेमा मॉल के आसपास दीवारों पर लगे इन पोस्टरों ने चर्चा तेज कर दी है। पोस्टरों में 'लव जिहाद से सावधान' लिखा गया है। साथ ही आरोप लगाया गया है कि कुछ लोग अपनी पहचान छिपाकर गरबा कार्यक्रमों में प्रवेश कर सकते हैं। पोस्टरों के जरिए आयोजकों से गरबा और डांडिया कार्यक्रमों में एंट्री को लेकर सख्ती बरतने की अपील भी की गई है। मामला सामने आने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस सार्वजनिक स्थानों पर पोस्टर लगाने वालों की पहचान के लिए आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।
पोस्टर लगाने वालों की पहचान अब तक स्पष्ट नहीं
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि पोस्टर किसने लगाए और इसके पीछे कौन लोग या संगठन हैं। पोस्टरों में लगाए गए आरोपों की भी स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है। नवरात्रि के दौरान शहर में गरबा और डांडिया जैसे आयोजनों को देखते हुए पुलिस की प्राथमिकता कानून-व्यवस्था बनाए रखना और किसी भी तरह के विवाद को बढ़ने से रोकना है। अब पुलिस की जांच इस बात पर केंद्रित है कि ये पोस्टर किसने लगाए? जांच पूरी होने के बाद ही तस्वीर पूरी तरह साफ हो पाएगी।
ये भी पढ़ें- औरंगाबाद में टाइल्स गोदाम की आड़ में गांजा तस्करी, 2.25 क्विंटल गांजा बरामद