लापता पति-पत्नी की जंगल में लाश मिलने के बाद परिजनों में कोहराम मचा हुआ था। सूचना पर जंगल की ओर दौड़ी पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था।
बिजनौर {उत्तर प्रदेश}: लापता पति-पत्नी की जंगल में लाश मिलने के बाद परिजनों में कोहराम मचा हुआ था। सूचना पर जंगल की ओर दौड़ी पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। फॉरेंसिक टीम सहित कई खुफिया तंत्र मामले का खुलासा करने की कोशिश में जुट गए थे। देर शाम मुरादाबाद डीआईजी मुनिराज जी ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और तफ्तीश में जुट गए। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के मुताबिक डीआईजी ने बताया कि पति ने ही अपनी पत्नी की गला घोंटकर हत्या की, उसके बाद पति ने खुद पेड़ से लटककर सुसाइड कर लिया।
लकड़ी बीनने जंगल गए थे पति-पत्नी
बिजनौर जनपद के कोतवाली शहर थाना क्षेत्र के जलालपुर काजी में छोटे सिंह और उसकी पत्नी सुषमा जंगल से लकड़ी बीनने के लिए गए थे, लेकिन फिर वापस नहीं लौटे। पति-पत्नी की जंगल में लाश मिली थी। पत्नी की अर्धनग्न अवस्था में गंगा नदी किनारे लाश मिली थी, जबकि 500 मीटर की दूरी पर पति छोटे सिंह की आम के पेड़ से झूलती हुई लाश मिली थी।
पुलिस ने शुरू की मामले की जांच
पुलिस ने दोनों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की गहनता से जांच-पड़ताल शुरू कर दी। देर शाम मुरादाबाद डीआईजी मुनिराज जी बिजनौर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने एसपी बिजनौर से घटनाक्रम की जानकारी ली।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हुआ मौत का खुलासा
देर रात डीआईजी व एसपी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पीएम रिपोर्ट के मुताबिक दंपति की मौत का खुलासा कर दिया है। पीएम रिपोर्ट के मुताबिक पति छोटे सिंह ने अपनी पत्नी सुषमा की गला घोंटकर हत्या की। इसके बाद खुद पेड़ से लटककर सुसाइड कर लिया। हालांकि डीआईजी व एसपी का कहना है कि आगे की तफ्तीश अभी जारी रहेगी। कई पहलुओं से बारीकी से जांच-पड़ताल की जा रही है।
एडीजी बरेली ने भी घटनास्थल का किया निरीक्षण
देर रात एडीजी बरेली जोन, बरेली रमित शर्मा बिजनौर पहुंचे और पति-पत्नी के शव बरामद होने वाले घटनास्थल का निरीक्षण किया। एडीजी ने पीड़ित परिजनों से वार्ता कर घटना के संबंध में जानकारी प्राप्त की। परिजनों को निष्पक्ष एवं शीघ्र कार्रवाई का आश्वासन दिया गया है। साथ ही संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के लिए निर्देशित किया गया है।
ये भी पढ़ें; उमरिया में दर्दनाक हादसा, हाईवे पर घायल बाइक सवार की मौत