डिंडौरी जिला मुख्यालय में बुधवार को उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब कलेक्ट्रेट तिराहे के पास पंजाब नेशनल बैंक के सामने एक बाइक अचानक आग की लपटों में घिर गई।
डिंडौरी {मध्य प्रदेश}: जिला मुख्यालय में बुधवार को उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब कलेक्ट्रेट तिराहे के पास पंजाब नेशनल बैंक के सामने एक बाइक अचानक आग की लपटों में घिर गई। देखते ही देखते बाइक बीच सड़क पर धू-धू कर जलने लगी। बाइक चला रहे भाजपा मंडल उपाध्यक्ष तान सिंह ठाकुर ने समय रहते बाइक से कूदकर अपनी जान बचाई। हादसे के दौरान करीब आधे घंटे तक सड़क पर यातायात प्रभावित रहा।
अचानक बाइक से निकलने लगा धुआं
जानकारी के मुताबिक, भाजीटोला निवासी और समनापुर थाना क्षेत्र के तान सिंह ठाकुर बुधवार सुबह करीब साढ़े दस बजे बाइक से डिंडौरी आ रहे थे। कलेक्ट्रेट तिराहे के पास पंजाब नेशनल बैंक के सामने पहुंचते ही उन्हें बाइक से धुआं निकलता दिखाई दिया। स्थिति को भांपते हुए उन्होंने तुरंत बाइक रोक दी और उससे दूर जाकर बैठ गए। इसके कुछ ही क्षण बाद बाइक में अचानक आग भड़क उठी।
देखते ही देखते आग की लपटों में घिरी बाइक
आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही पलों में पूरी बाइक आग की लपटों में घिर गई। तान सिंह ठाकुर ने बताया कि अगर वह समय रहते बाइक से दूर नहीं होते तो बड़ा हादसा हो सकता था। उन्होंने कहा कि बाइक उनकी आंखों के सामने जलकर खाक हो गई, लेकिन आग की तीव्रता इतनी ज्यादा थी कि वह चाहकर भी उसे बचाने के लिए पास नहीं जा सके। आग ने बाइक के टायर समेत लगभग पूरे हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया और कुछ ही देर में बाइक पूरी तरह जल गई।
फायर ब्रिगेड ने बुझाई आग
घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने फायर ब्रिगेड को सूचना दी। दमकल वाहन के पहुंचने के बाद आग पर काबू पाया गया। हालांकि, तब तक बाइक काफी हद तक जल चुकी थी। हादसे के कारण सड़क पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई और करीब आधे घंटे बाद यातायात व्यवस्था सामान्य हो सकी।
जलती बाइक का वीडियो बनाते रहे लोग
हादसे के दौरान सड़क पर मौजूद कई लोग आग बुझाने की कोशिश करने के बजाय अपने मोबाइल फोन से जलती बाइक का वीडियो बनाते नजर आए। बीच सड़क पर बाइक जलने से आसपास लोगों की भीड़ जमा हो गई। आग की लपटों और धुएं के कारण कुछ समय के लिए मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
वाहन जलने से पार्टी के कामकाज पर असर की चिंता
बाइक जलने के बाद भाजपा मंडल उपाध्यक्ष तान सिंह ठाकुर ने अपनी समस्या जिला पंचायत अध्यक्ष रुदेश परस्ते को बताई। अध्यक्ष ने कहा कि तान सिंह पार्टी के कर्मठ कार्यकर्ता हैं और वाहन नहीं होने से पार्टी के कामकाज पर असर पड़ सकता है।
यह भी पढ़े: चंदौली में रेलवे सिग्नल केबल चोरी का खुलासा, 3 चोर और माल खरीदने वाला कबाड़ी गिरफ्तार