कोरबा में जन्मदिन की पार्टी के दौरान हुए विवाद के बाद एक युवक की बोलेरो कैंपर से कुचलकर हत्या कर दी गई।
कोरबा,(छत्तीसगढ़)। जिला अंतर्गत उरगा थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहाँ एक रिसोर्ट में चल रही जन्मदिन की पार्टी उस समय मातम में बदल गई, जब युवकों के बीच हुआ मामूली विवाद खूनी संघर्ष में तब्दील हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि एक युवक ने दूसरे युवक पर बोलेरो कैंपर वाहन चढ़ाकर उसे मौत के घाट उतार दिया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
मीरा रिसोर्ट में चल रही थी बर्थडे पार्टी
मिली जानकारी के अनुसार, घटना शुक्रवार (03 जुलाई 2026) देर रात की है। दीपका क्षेत्र के गरुणनगर से करीब 10-12 युवक अपने साथी विकास कुमार हुड्डा (ट्रांसपोर्टर) का जन्मदिन मनाने के लिए उरगा थाना क्षेत्र में स्थित मीरा रिसोर्ट पहुंचे थे। पार्टी में शराब के अत्यधिक नशे के कारण माहौल गरमा गया और किसी बात को लेकर युवकों के बीच बहस शुरू हो गई।
चेक-आउट के बाद सड़क पर हुआ खूनी खेल
पार्टी के दौरान आरोपी तुषार ढांडा और दीपका निवासी उज्जवल कुमार सिंह के बीच विवाद हुआ था। रिसोर्ट से चेक-आउट करने के बाद जब सभी साथी बाहर सड़क पर पहुंचे, तो दोनों के बीच एक बार फिर विवाद बढ़ गया। देखते ही देखते गुस्साए आरोपी तुषार ढांडा ने अपने बोलेरो कैंपर वाहन को स्टार्ट किया और सीधे उज्जवल कुमार सिंह के ऊपर चढ़ा दिया। कैंपर वाहन से कुचले जाने के कारण उज्जवल सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी तुषार ढांडा अपने वाहन समेत मौके से फरार हो गया।
अस्पताल में डॉक्टरों ने घोषित किया मृत
घटना के तुरंत बाद मौके पर मौजूद साथियों ने खून से लथपथ उज्जवल सिंह को आनन-फानन में जिला चिकित्सालय कोरबा पहुँचाया। जहाँ डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। इस घटना के बाद से मृतक के परिवार में कोहराम मच गया है।
उरगा पुलिस की त्वरित कार्रवाई, BNS के तहत मामला दर्ज
घटना की सूचना मिलते ही उरगा थाना पुलिस तत्काल एक्शन में आई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घेराबंदी कर मुख्य आरोपी तुषार ढांडा को धर दबोचा है। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल किए गए बोलेरो कैंपर वाहन को भी जब्त कर लिया है।
उरगा थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) के तहत हत्या का अपराध पंजीबद्ध कर लिया है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
यह भी पढ़ेंः भाजपा के वरिष्ठ नेता दादा तेजभान सिंह को राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई