मुरैना जिले के दिमनी थाना क्षेत्र में वन आरक्षक हरकेश गुर्जर की नृशंस हत्या के मामले में पुलिस दूसरे आरोपी पवन तोमर को गिरफ्तार कर लिया है। हालांकि, मुख्य आरोपी अब भी फरार चल रहा है।
मुरैना (एमपी)। जिले के दिमनी थाना क्षेत्र में वन आरक्षक हरकेश गुर्जर की नृशंस हत्या के मामले में पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने रविवार को इस मामले के दूसरे आरोपी पवन तोमर को गिरफ्तार कर लिया है। हालांकि, मामले का मुख्य आरोपी अब भी फरार चल रहा है।
जिस ट्रैक्टर से आरक्षक को कुचला, उसका मालिक
गिरफ्तार आरोपी पवन तोमर ट्रैक्टर का मालिक है। वह स्थानीय स्तर पर भारतीय जनता पार्टी के मंडल पदाधिकारी के रूप में जुड़ा हुआ है। यह मामला रेत माफिया द्वारा की गई एक दुस्साहसिक वारदात से जुड़ा है। आरोप है कि रेत माफियाओं ने वन आरक्षक हरकेश गुर्जर पर ट्रॉली चढ़ाकर उन्हें कुचल दिया था, जिससे उनकी मृत्यु हो गई।
पुलिस कर रही है गहन पूछताछ
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पवन तोमर को हिरासत में लेकर थाने पहुँचाया है। पुलिस अब उससे मामले से जुड़ी गहन पूछताछ कर रही है। हालांकि पुलिस ने दूसरे आरोपी को दबोच लिया है, लेकिन हत्याकांड का मुख्य आरोपी अभी भी फरार बताया जा रहा है। पुलिस उसकी तलाश में संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।
प्रशासन व सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल
चंबल अंचल में अवैध रेत उत्खनन और परिवहन को रोकने के लिए तैनात वन विभाग के कर्मियों पर हमले की घटनाएं पहले भी सामने आती रही हैं। हरकेश गुर्जर की हत्या ने प्रशासन और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए थे। भाजपा नेता की गिरफ्तारी के बाद अब इस मामले में राजनीतिक और प्रशासनिक गलियारों में हलचल तेज हो गई है। पुलिस प्रशासन का दावा है कि मुख्य आरोपी को भी जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा और कानून के मुताबिक सख्त से सख्त सजा दिलाई जाएगी।
यह भी पढ़ें: https://www.primenewsnetwork.in/state/illegal-synthetic-milk-factory-busted-chemicals-seized/156981
मंदसौर में मौत का सफेद कारोबार, सिंथेटिक दूध बनाने का सामान जब्त