गुना। जिले में लगातार हो रही अघोषित बिजली कटौती को लेकर BJP के अपने ही विधायक ने सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है...
गुना में बिजली कटौती पर भड़के BJP विधायक, अपनी ही सरकार के मंत्रियों पर साधा निशाना |
गुना। जिले में लगातार हो रही अघोषित बिजली कटौती को लेकर BJP के अपने ही विधायक ने सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। शनिवार (30 मई) को गुना से भाजपा विधायक पन्नालाल शाक्य बिजली की समस्या से नाराज होकर सीधे बिजली कंपनी के कार्यालय जा पहुंचे और वहां मौजूद अधिकारियों को जमकर फटकार लगाई। इस दौरान विधायक ने अपनी ही सरकार के दो मंत्रियों (जो ज्योतिरादित्य सिंधिया समर्थक माने जाते हैं) को आड़े हाथों लिया।
ऊर्जा मंत्री को बताया 'नकारा'
विधायक ने प्रदेश के ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर पर सीधा हमला बोलते हुए उन्हें 'नकारा' करार दिया और मुख्यमंत्री से उन्हें पद से हटाने की मांग करने की बात कही। गुना जिले के प्रभारी मंत्री गोविंद सिंह राजपूत पर निशाना साधते हुए विधायक ने कहा कि वे खुद को 'महाराजा' से भी बड़ा मंत्री समझते हैं।
अधिकारियों को दी सख्त चेतावनी
विधायक ने बिजली विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों को कड़ी चेतावनी देते हुए व्यवस्था में सुधार करने के निर्देश दिए। गुना में बिजली की बदतर स्थिति से नाराज होकर विधायक पन्नालाल शाक्य ने अधिकारियों के सामने अपनी भड़ास निकाली। उन्होंने ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर पर तंज कसते हुए कहा कि वे मंचों पर ढोंग करते हैं और खंभों पर चढ़ते हैं, लेकिन जमीन पर जनता परेशान है। उन्होंने मांग की कि ऐसे नकारा मंत्री को हटाया जाए और किसी योग्य व्यक्ति को कमान सौंपी जाए।
महाराजा से भी बड़ा समझते हैं
इसके साथ ही, उन्होंने गुना के प्रभारी मंत्री गोविंद सिंह राजपूत पर भी गंभीर आरोप लगाए। शाक्य ने कहा कि प्रभारी मंत्री खुद को 'महाराजा' (ज्योतिरादित्य सिंधिया) से भी बड़ा समझते हैं और वे महाराजा के साथ किसी अन्य जनप्रतिनिधि को चलने नहीं देते। विधायक ने एक वाकये का जिक्र करते हुए कहा कि हवाई पट्टी पर प्रभारी मंत्री ने उनका हाथ पकड़कर उन्हें पीछे धकेल दिया था।
भाजपा की गुटबाजी खुलकर सामने आई
विधायक के इस तीखे रुख और अपनी ही सरकार के मंत्रियों को कटघरे में खड़े करने वाले इस बयान के बाद मध्य प्रदेश की सियासत और बीजेपी के भीतर की गुटबाजी एक बार फिर खुलकर सामने आ गई है।
यह भी पढ़ें : https://www.primenewsnetwork.in/india/nppa-fixes-retail-prices-for-30-essential-medicine-formulations/209979