प्राइम न्यूज़ – एक कसम, राष्ट्र प्रथम

कुंवारी नदी में चला रेस्क्यू अभियान हुआ समाप्त

मुरैना में नदी में कूदी युवती का शव बरामद, पुलिस जांच में जुटी

मुरैना के पोरसा क्षेत्र में कुंवारी नदी में कूदने वाली 19 वर्षीय युवती का शव शुक्रवार सुबह बरामद हुआ।

मुरैना में नदी में कूदी युवती का शव बरामद पुलिस जांच में जुटी

Body of 19-Year-Old Woman Recovered from River in Morena, Investigation Underway |

मुरैना,(मध्यप्रदेश )। पोरसा तहसील के ग्राम बुधारा स्थित कुंवारी नदी में गुरुवार शाम कूदने वाली 19 वर्षीय युवती का शव शुक्रवार सुबह बरामद हो गया। शव मिलने के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।

ग्रामीणों ने युवती के शव को नदी से निकाला बाहर

जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह लगभग 6:30 बजे ग्राम बुधारा के सरपंच पति बलवीर कुशवाह ने पुल से करीब दो किलोमीटर दूर नदी में एक शव तैरता हुआ देखा। उन्होंने तत्काल ग्रामीणों को सूचना दी। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे और उनके सहयोग से युवती के शव को नदी से बाहर निकाला गया।

घटना की सूचना मिलते ही पोरसा थाना मौके पर पहुंची

घटना की सूचना मिलने पर सुबह करीब 7 बजे पोरसा थाना पुलिस और रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतका की पहचान रामचंद्र का पुरा निवासी माखन सिंह सखवार की पुत्री के रूप में हुई है। बताया गया है कि युवती ने गुरुवार शाम करीब 4 बजे ग्राम बुधारा के पास कुंवारी नदी में छलांग लगा दी थी।

घटना के कारणों की हो रही जांच

सूचना मिलते ही पुलिस और रेस्क्यू टीम ने देर शाम तक सर्च अभियान चलाया, लेकिन अंधेरा होने के कारण सफलता नहीं मिल सकी थी। शुक्रवार सुबह शव बरामद होने के साथ ही रेस्क्यू अभियान समाप्त कर दिया गया। थाना प्रभारी दिनेश सिंह कुशवाह ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। प्रथम दृष्टया मामला नदी में कूदने का प्रतीत हो रहा है। घटना के कारणों की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। 

यह भी पढ़ेंः शाजापुर में 10 वर्षीय छात्र का शव मिलने से सनसनी, हत्या की आशंका

Related to this topic: