बाराबंकी के बुढ़वल रेलखंड में रेलवे ट्रैक किनारे 55 वर्षीय व्यक्ति का क्षत-विक्षत शव मिला। ग्रामीणों की मदद से पहचान हुई, परिजनों ने हादसे की आशंका जताई है। पुलिस और RPF मामले की जांच कर रही है।
Body of 55-year-old man found near tracks on Budhwal rail section, train accident suspected |
बाराबंकी (उत्तर प्रदेश)। बाराबंकी के बुढ़वल क्षेत्र में रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट देर रात जांच के दौरान रेलवे ट्रैक किनारे एक व्यक्ति का क्षत-विक्षत शव बरामद हुआ। घटना बुढ़वल-शुगर मिल (BUW-SDAM) रेलखंड के बीच हुई। सूचना मिलने पर आरपीएफ टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। आरपीएफ पोस्ट बुढ़वल को कंट्रोल से रात 11:40 बजे सूचना मिली कि किलोमीटर संख्या 4/28 से 4/30 के मध्य किसी व्यक्ति के ट्रेन की चपेट में आने (MRO) की घटना हुई है।
रात 12:05 बजे शुरू हुई तलाश में झाड़ियों में मिला शव
सूचना के आधार पर एसआईपीएफ सुनील कुमार, एएसआई रामप्रवेश चौहान के साथ मौके के लिए रवाना हुए। टीम रात 12:05 बजे घटनास्थल पर पहुंची, लेकिन वहां कोई शव नहीं मिला। इसके बाद आसपास के क्षेत्र में तलाश की गई तो किलोमीटर संख्या 5/02 से 5/06 के मध्य डाउन लाइन के उत्तर दिशा में रेलवे ट्रैक से करीब 10 फीट दूर झाड़ियों में एक शव पड़ा मिला।
ट्रैक किनारे मिला क्षत-विक्षत शव, खून के निशान भी बरामद
शव की हालत बेहद क्षत-विक्षत थी। मृतक का बायां पैर कटा हुआ, दायां पैर टूटा हुआ तथा सिर का हिस्सा क्षतिग्रस्त मिला। मौके पर ट्रैक पूरी तरह क्लियर था। आरपीएफ ने घटना की जानकारी DSCR/LJN को दी। जांच के दौरान ट्रैक पर खून के निशान और सिर के अवशेष भी मिले। रात करीब 12:20 बजे जीआरपी के उपनिरीक्षक दुर्गेश कुमार स्टाफ के साथ मौके पर पहुंचे, लेकिन उन्होंने घटनास्थल को अपने क्षेत्राधिकार से बाहर बताया। इसके बाद स्टेशन मास्टर के माध्यम से रामनगर थाने को मेमो भेजा गया।
ग्रामीणों की भीड़ में हुई मृतक की पहचान
रामनगर थाने के उपनिरीक्षक ललित कुमार पुलिस टीम के साथ तड़के करीब 3:15 बजे घटनास्थल पहुंचे। इस दौरान मौके पर ग्रामीणों की भीड़ एकत्र हो गई। भीड़ में मौजूद एक व्यक्ति सिंह राज सिंह पुत्र मैनेजर सिंह निवासी ग्राम खेतौरा, थाना रामनगर, बाराबंकी ने शव की पहचान अपने पिता मैनेजर सिंह (55) के रूप में की।
परिजनों ने जताई दुर्घटना की आशंका
परिजनों के अनुसार, मृतक खाना खाकर सो गए थे। उन्हें ट्रेन से कहीं आना-जाना नहीं था। आशंका जताई गई कि किसी कारणवश वह रेलवे ट्रैक पर पहुंच गए और ट्रेन की चपेट में आ गए। पुलिस द्वारा मृतक की तलाशी लेने पर कोई यात्रा टिकट या पहचान पत्र बरामद नहीं हुआ।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की
रामनगर पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई पूरी कर शव को अग्रिम कार्रवाई के लिए अपने साथ ले गई। घटना के कारण किसी भी ट्रेन का संचालन प्रभावित नहीं हुआ। आरपीएफ पोस्ट बुढ़वल के आदेश पर मामले की जांच एएसआई संजीव कुमार यादव द्वारा की जाएगी। घटनास्थल आरपीएफ पोस्ट बुढ़वल से करीब सात किलोमीटर दूर बताया गया है।
यह भी पढ़े: कटनी में जंगल के तालाब में जहर मिलाकर 12 चीतल और 2 सांभर का शिकार, तीन आरोपी गिरफ्तार