नरकटियागंज में गोपाला ब्रह्म स्थान पूजा मंडप के पास पोखर से चनर महतो का शव मिला। वह चार दिनों से लापता थे। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू की।
बेतिया (बिहार)। नरकटियागंज से एक बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां गोपाला ब्रह्म स्थान पूजा मंडप के समीप स्थित पोखर (तालाब) से एक अधेड़ व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान नगर के वार्ड संख्या दो निवासी चनर महतो के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि चनर महतो पिछले चार दिनों से घर से लापता थे। परिजन रिश्तेदारों के यहां उनकी तलाश कर रहे थे।
पोखर में तैरता मिला शव
इसी बीच शुक्रवार को खेत की ओर गए लोगों ने पोखर में शव को तैरते देखा और इसकी सूचना पूजा कमेटी को दी। इसके बाद पूजा कमेटी के सदस्यों ने शव को पोखर से बाहर निकलवाया। पहचान होने के बाद परिजनों और पुलिस को सूचना दी गई। घटना के बाद परिजनों में चीख-पुकार मच गई और परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से होगा मौत के कारणों का खुलासा
फिलहाल पोखर में डूबने से मौत होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच में जुट गई है।
यह भी पढ़ें: बहराइच में अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार 24 वर्षीय युवक की मौत, परिवार में मचा कोहराम