पीलीभीत में सड़क किनारे एक युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई, जहां मृतक के भाई ने अपने भतीजे पर लकड़ी की फंटी से पीटकर हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है।
पीलीभीत (उत्तर प्रदेश)। थाना बिलसंडा क्षेत्र के गौहनिया गांव में सड़क किनारे गांव के ही एक युवक का शव मिलने से हड़कंप मच गया है। मृतक के भाई ने अपने भतीजे पर लकड़ी की फंटी से मारकर हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस की शुरुआती जांच में मृतक के शरीर पर कोई भी चोट के निशान नहीं मिले है। फिलाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेजा है और पूरे मामले की गहनता से जांच क़र रही है।
भतीजे जीतू के खिलाफ थाने में तहरीर
मृतक सर्वेश सिंह के बड़े भाई छोटे सिंह का आरोप है कि बीती रात सर्वेश सिंह ने शराब पी रखी थी और वो नशे में गाली दे रहा था। इसी दौरान उनके भतीजे जीतू से सर्वेश का विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर जीतू ने सर्वेश के सीने पर लकड़ी की फंटी से हमला कर दिया। इससे उसकी मौत हो गई, घटना के बाद जीतू मौके से फरार हो गया है। मृतक के भाई ने अपने भतीजे जीतू के खिलाफ थाने में तहरीर दी है।
मृतक के शरीर पर कोई चोट के निशान नहीं
वही, पुलिस का कहना है कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। शुरुआती जांच में लकड़ी की फंटी से हमला किए जाने का कोई सबूत मौके से बरामद नहीं हुआ है और मृतक के शरीर पर कोई चोट के निशान भी नहीं मिले हैं। परिजनों के तहरीर के आधार पर पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है। मौत की असल वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
यह भी पढ़ेंः पुरुष रिकर्व टीम स्पर्धा में भारत को मिला रजत पदक, दक्षिण कोरिया के खिलाफ फाइनल मुकाबला हारी टीम