आबू रोड के नेशनल हाईवे चांदमारी पर चलती कार में आग गई। गनीमत रही कि इस दौरान कोई जान हानि नहीं हुई।
सिरोही: आबू रोड के नेशनल हाईवे चांदमारी पर बीती रात एक चलती कार में अचानक भीषण आग लग गई। आग लगते ही कार में सवार लोग वाहन को हाईवे किनारे खड़ा करके मौके से चले गए। हैरानी की बात यह रही कि घटना की सूचना न तो पुलिस को दी गई और न ही राष्ट्रीय राजमार्ग की पेट्रोलिंग टीम को।
हाईवे पेट्रोलिंग के दौरान हुआ घटना का खुलासा
घटना का खुलासा रविवार सुबह हाईवे पेट्रोलिंग के दौरान हुआ। जब सड़क किनारे पूरी तरह जली हुई कार दिखाई दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मौका-मुआयना कर जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में पता चला कि कार जालोर जिले की है। पुलिस वाहन के मालिक और उसमें सवार लोगों की पहचान करने में जुटी हुई है।
गैस किट हो सकती है कार में लगी आग का कारण
आशंका जताई जा रही है कि कार में लगी आग का कारण गैस किट हो सकती है, हालांकि वास्तविक कारणों का पता विस्तृत जांच और तकनीकी रिपोर्ट आने के बाद ही चल पाएगा। थानाधिकारी हरचंद देवासी ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। वाहन और उसमें सवार लोगों के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है। इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है। पुलिस इस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।
ये भी पढ़ें- डूंगरपुर में दर्दनाक हादसा, एनीकट में डूबने से तीन भाई-बहन समेत चार बच्चों की मौत