अखबार के कागज में खाने-पीने की सामग्री परोसने और पैक करने पर जिला अस्पताल के सिविल सर्जन ने चिंता जताते हुए कहा है कि यह लापरवाही लोगों के स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा बन सकती है।
बुरहानपुर: भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण यानी FSSAI ने अखबार के कागज में खाने-पीने की सामग्री परोसने और पैक करने पर पूरी तरह प्रतिबंध लगाया है। इसके बावजूद बुरहानपुर में कई होटल, ठेले और जंक फूड विक्रेता आज भी अखबार के कागज में खाद्य सामग्री दे रहे हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि यह आदत लोगों की सेहत पर भारी पड़ सकती है और पेट से जुड़ी गंभीर बीमारियों का कारण बन सकती है।
लोगों के स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा बन सकती है ये लापरवाही
FSSAI के अनुसार, अखबार की छपाई में इस्तेमाल होने वाली स्याही में लेड सहित कई हानिकारक रसायन मौजूद होते हैं। गर्म खाद्य पदार्थ जब इन कागजों के संपर्क में आते हैं तो ये रसायन भोजन में मिल सकते हैं। इसके बावजूद शहर में खुलेआम समोसे, कचौरी, भजिए और अन्य जंक फूड अखबार के कागज में परोसे जा रहे हैं। जिला अस्पताल के सिविल सर्जन का कहना है कि यह लापरवाही लोगों के स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा बन सकती है।
शहर के समाजसेवियों ने जताई चिंता
जनस्वास्थ्य से जुड़े इस संवेदनशील मुद्दे पर शहर के समाजसेवियों ने भी चिंता जताई है। उनका कहना है कि प्रतिबंध के बावजूद न तो व्यापक जनजागरूकता दिखाई दे रही है और न ही नियमों का सख्ती से पालन कराया जा रहा है। उन्होंने जिला प्रशासन और खाद्य सुरक्षा विभाग से अभियान चलाकर लोगों को जागरूक करने और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
ये भी पढे़ं- पति की तलाश में पुलिस, विधायक और फिर तेलंगाना तक पहुंची बेबस महिला