प्राइम न्यूज़ – एक कसम, राष्ट्र प्रथम
Breaking News

सीएम योगी आदित्यनाथ ने बुलंदशहर को दी...

सीएम योगी आदित्यनाथ ने बुलंदशहर को दी 574 करोड़ की सौगात, जेवर एयरपोर्ट लिंक एक्सप्रेस-वे को मंजूरी

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को बुलन्दशहर और सिकन्दराबाद विधानसभा क्षेत्रों की 574 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 57 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया।

सीएम योगी आदित्यनाथ ने बुलंदशहर को दी 574 करोड़ की सौगात जेवर एयरपोर्ट लिंक एक्सप्रेस-वे को मंजूरी

CM Yogi Launches ₹574 Cr Projects in Bulandshahr |

लखनऊ (उत्तर प्रदेश)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को बुलन्दशहर और सिकन्दराबाद विधानसभा क्षेत्रों की 574 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 57 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न जन कल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को लैपटॉप, प्रतीकात्मक चेक, चाभी, थर्मल प्रिंटर, आयुष्मान कार्ड, छात्रवृत्ति, सब्सिडी, टूलकिट एवं प्रमाण पत्र आदि प्रदान किए।

विकास और बेहतर इन्फ्रास्ट्रक्चर से बढ़ेगा रोजगार

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में डबल इंजन सरकार विरासत और विकास के अद्भुत समन्वय से विकास प्रक्रिया को आगे बढ़ा रही है। प्रदेश सरकार पूरी संवेदना के साथ प्रदेशवासियों के हितों का संवर्धन कर रही है। आज उत्तर प्रदेश बॉटम थ्री से टॉप थ्री में पहुंच चुका है। अब प्रदेश में देश के किसी भी राज्य से अच्छी सड़कें हैं। यहां ग्लोबल स्टैंडर्ड के एक्सप्रेस-वे हैं। यहां की सड़कों की स्पीड, विकास व समृद्धि की स्पीड है। जितना अच्छा इन्फ्रास्ट्रक्चर होगा, अर्थव्यवस्था उतनी तेज गति से बढ़ेगी। जितनी तेज गति से अर्थव्यवस्था बढ़ेगी, उतनी ही तीव्रता से रोजगार का सृजन होगा। जितनी तीव्रता से रोजगार सृजित होगा, समृद्धि की उतनी ही ऊंचाई पर हमारा जनपद, प्रदेश और देश पहुंचेगा

बुलंदशहर को गंगा एक्सप्रेस-वे की बड़ी सौगात

मुख्यमंत्री ने कहा कि महाभारत कालीन पावन धरा बुलन्दशहर अपनी विरासत व विकास प्रक्रिया के साथ बुलन्दी से आगे बढ़ रहा है। यह वीर राजा अहिबरन की पुण्यभूमि है। अब बुलन्दशहर पूरी तरह बदल चुका है। वर्ष 2017 से पूर्व यहां भय और दहशत का वातावरण रहता था। आज बुलन्दशहर निर्भय होकर विकास प्रक्रिया के साथ मजबूती से जुड़ा है। देश का सबसे लम्बा एक्सप्रेस-वे गंगा एक्सप्रेस-वे बुलन्दशहर को जोड़ते हुए आगे बढ़ रहा है। इस एक्सप्रेस-वे से लोग 5 घंटे में प्रयागराज पहुंच सकते हैं।

किसानों को बढ़ा हुआ मुआवजा और जेवर एयरपोर्ट से कनेक्टिविटी

मुख्यमंत्री ने कहा, "यहां के जनप्रतिनिधियों ने प्रस्ताव रखा कि गंगा एक्सप्रेस-वे के माध्यम से बुलन्दशहर को देश के सबसे बड़े एयरपोर्ट से जोड़ना चाहिए। हमने बुलन्दशहर को जेवर एयरपोर्ट से जोड़ने के लिए लिंक एक्सप्रेस-वे की स्वीकृति दी। यहां के जनप्रतिनिधियों ने कहा कि इस परियोजना के सम्बन्ध में किसानों का मुआवजा बढ़ना चाहिए, हमने कहा वह भी स्वीकृत करेंगे। अन्नदाता किसानों को बढ़ा हुआ मुआवजा उपलब्ध कराया जा रहा है। आज हमारा अन्नदाता किसान खुशहाल है।" 

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट बनेगा पश्चिमी यूपी की समृद्धि का आधार

सीएम योगी ने आगे कहा, "कनेक्टिविटी प्राप्त होने से यह शहर नए औद्योगिकीकरण के युग में प्रवेश करेगा, जिससे युवाओं को रोजगार प्राप्त होगा। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट शुरू हो चुका है। यह एयरपोर्ट पश्चिमी उत्तर प्रदेश की समृद्धि के साथ-साथ भारत की समृद्धि का आधार बनने वाला है। यह एयरपोर्ट लगभग 14,000 एकड़ भूमि में विकसित किया जा रहा है। एयरक्राफ्ट रिपेयर एंड मेन्टेनेंस का केन्द्र बन रहा है। कारगो और डोमेस्टिक व इंटरनेशनल पैसेंजर के लिए बेहतरीन एयर कनेक्टिविटी का माध्यम बनने जा रहा है।"

बुलंदशहर को बाईपास, रिंग रोड और मेडिकल कॉलेज की सौगात

मुख्यमंत्री ने कहा कि विगत दिनों यहां के जनप्रतिनिधियों ने बाईपास व रिंग रोड की मांग की थी। वह प्रस्ताव स्वीकृत हो गया है। अब यहां श्रद्धेय कल्याण सिंह के नाम पर बाबू कल्याण सिंह मेडिकल कॉलेज स्थापित हो चुका है। पहले मेडिकल कॉलेज यहां के लिए सपना था। खुर्जा की क्रॉकरी के साथ-साथ यहां की क्रॉकरी भी  देश और दुनिया में नई पहचान बना रही है। यहां के अन्नदाता किसानों द्वारा उत्पादित गन्ने की मिठास सभी को आकर्षित कर रही है।

मोबाइल और इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग में यूपी नंबर वन

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में बन रही इंटरनेशनल फिल्म सिटी, अपैरल पार्क, मेडिकल डिवाइस पार्क, टॉय पार्क, आईटी एंड इलेक्ट्रॉनिक्स सिटी तथा फिनटेक सिटी से बुलन्दशहर भी लाभान्वित होगा। आज उत्तर प्रदेश मोबाइल मैन्युफैक्चरिंग में देश में नंबर एक पर है। देश में जितने मोबाइल फोन बनते हैं, उनमें 55 प्रतिशत केवल उत्तर प्रदेश में बन रहे हैं। प्रदेश में देश के 60 प्रतिशत इलेक्ट्रॉनिक कम्पोनेन्ट बन रहे हैं। प्रदेश चीनी मिलों के संचालन, गन्ना व इथेनॉल उत्पादन में नम्बर एक पर है।

50 लाख करोड़ के निवेश से युवाओं को मिल रहे रोजगार के अवसर

मुख्यमंत्री ने कहा कि देश की कल्याणकारी योजनाओं की सफलता में प्रदेश का नाम नम्बर एक या दो पर आता है। राज्य विकास योजनाओं को आगे बढ़ाने में मजबूती के साथ आगे बढ़ रहा है। प्रदेश को 50 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हो चुके हैं, जिनके माध्यम से लाखों युवाओं को नौकरी और रोजगार की सुविधा प्राप्त हुई है। जब टीम वर्क तथा बिना रुके, बिना डिगे, बिना थके, बिना झुके डबल इंजन की स्पीड हो तब जाकर यह परिणाम आता है।
​(Published By: Ravi Pandey)

यह भी पढ़ें: गाजियाबाद में सीएम योगी आदित्यनाथ ने की मेरठ मंडल की समीक्षा बैठक

Related to this topic: