मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बिजनौर में 1003 करोड़ रुपये से अधिक की 76 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया।
बिजनौर (उत्तर प्रदेश)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को बिजनौर में 1003 करोड़ रुपये से अधिक की 76 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। उन्होंने कहा कि 2017 के बाद बिजनौर में हाईवे, रेलवे, मेडिकल कॉलेज और कानून व्यवस्था के क्षेत्र में बड़ा बदलाव आया है। कार्यक्रम के दौरान सीएम ने लाभार्थियों को योजनाओं के तहत चेक और प्रमाण पत्र भी वितरित किए।
अपराध, दंगा और माफियाराज से मुक्त प्रदेश का दावा
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सरकार ने प्रदेश को अपराध, दंगा और माफियाराज से मुक्त बनाया है। उन्होंने कहा कि हमें जिन्ना नहीं, गन्ना पसंद है और गन्ना किसानों के हित में लगातार फैसले लिए गए हैं। सीएम ने दावा किया कि अब प्रदेश में कानून-व्यवस्था बेहतर है, बेटियां सुरक्षित हैं और व्यापारी व किसान निर्भय होकर काम कर रहे हैं।
गंगा एक्सप्रेसवे और नर्सिंग कॉलेज से विकास को मिलेगी गति
सीएम ने कहा कि बिजनौर के समग्र विकास के लिए डबल इंजन की सरकार जरूरी थी और प्रधानमंत्री मोदी जी के नेतृत्व में यह विकास धरातल पर दिखाई दे रहा है। सरकार गंगा एक्सप्रेसवे को बिजनौर से होकर हरिद्वार तक जोड़ने की दिशा में काम करेगी। मेडिकल कॉलेज के बाद अब नर्सिंग कॉलेज की आधारशिला भी रख दी गई है, जिससे स्वास्थ्य शिक्षा को नई गति मिलेगी। अब बिजनौर की बेटियों को नर्सिंग की पढ़ाई के लिए दूसरे शहर नहीं जाना पड़ेगा। नर्सिंग क्षेत्र में 100 प्रतिशत प्लेसमेंट की गारंटी दी जा सकती है, इसलिए यह संस्थान जिले की बेटियों के लिए नए रोजगार और बेहतर भविष्य का माध्यम बनेगा।
पहले की सरकारों पर साधा निशाना
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि 2017 से पहले प्रदेश में किसानों, युवाओं और व्यापारियों को परेशानियों का सामना करना पड़ता था। उन्होंने दावा किया कि पहले माफिया और अपराधियों का प्रभाव था, जबकि अब बिजनौर अपराध मुक्त होकर विकास की राह पर तेजी से आगे बढ़ रहा है।
विपक्ष पर लगाए समाज बांटने के आरोप
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कांग्रेस पर देश विभाजन को लेकर निशाना साधते हुए कहा कि कुछ राजनीतिक दल जाति के नाम पर समाज को बांटने का काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार ने किसानों, गरीबों और जरूरतमंदों तक जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाया है।
डीबीटी से बढ़ी पारदर्शिता
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पहले सरकारी योजनाओं का पैसा भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ जाता था, लेकिन अब डीबीटी के जरिए राशि सीधे लाभार्थियों के खातों में पहुंच रही है। उन्होंने कहा कि राशन, पेंशन, किसान सम्मान निधि और अन्य योजनाओं में पारदर्शिता बढ़ी है।
विकास कार्यों के लिए धन की कमी नहीं
सीएम ने दोहराया कि प्रदेश सरकार के पास विकास कार्यों के लिए धन की कोई कमी नहीं है। जनप्रतिनिधियों से सड़कों, पुल व फ्लाईओवर की जरूरतों के मुताबिक प्रस्ताव मांगे गए हैं। उन्होंने मंच से विधायक शुचि चौधरी की फ्लाईओवर की मांग का जिक्र करते हुए कहा कि प्रस्ताव मिलते ही निर्माण कार्य शुरू करा दिया जाएगा। सरकार का लक्ष्य हर गांव को बेहतर सड़क संपर्क देना, किसानों के चेहरे पर खुशहाली लाना और युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराना है। अब बिजनौर के विभिन्न क्षेत्रों के युवाओं को भी पारदर्शी तरीके से सरकारी नौकरियां मिल रही हैं। जिले के युवा अपना उद्यम भी स्थापित कर रहे हैं। डबल इंजन सरकार ने उत्तर प्रदेश को 'बीमारू राज्य' से देश के अग्रणी राज्यों की श्रेणी में पहुंचाने का काम किया है।
लाभार्थियों को बांटे नियुक्ति पत्र और प्रमाण पत्र
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कार्यक्रम के दौरान विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को नियुक्ति पत्र, चेक, प्रमाण पत्र और स्वीकृति पत्र वितरित किए। इनमें मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना, आवास योजना, कृषक दुर्घटना कल्याण योजना, नंद बाबा दुग्ध मिशन, राष्ट्रीय आजीविका मिशन समेत कई योजनाओं के लाभार्थी शामिल रहे।
यह भी पढे़ं: योगी सरकार का मिलावटखोरों पर बड़ा एक्शन, 11.66 करोड़ की खाद्य सामग्री जब्त तथा 2,075 छापों में सख्त कार्रवाई