मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने दो दिवसीय वाराणसी दौरे के दूसरे दिन बुधवार को पंडित दीनदयाल हस्तकला संकुल (टीएफसी), बड़ालालपुर से 'मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना' का शुभारंभ किया।
वाराणसी: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने दो दिवसीय वाराणसी दौरे के दूसरे दिन बुधवार को पंडित दीनदयाल हस्तकला संकुल (टीएफसी), बड़ालालपुर से 'मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना' का शुभारंभ किया। इस योजना के तहत प्रदेश के शिक्षकों, शिक्षामित्रों, अनुदेशकों, रसोइयों और कस्तूरबा विद्यालयों के कर्मचारियों को प्रति परिवार 5 लाख रुपये तक की कैशलेस चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने 25 लाभार्थियों को प्रतीकात्मक स्वास्थ्य कार्ड भी वितरित किए।
12 लाख से अधिक लोग होंगे लाभान्वित
मुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षकों को इलाज की चिंता से मुक्त करने के उद्देश्य से यह योजना शुरू की गई है। आयुष्मान भारत की तर्ज पर लागू इस योजना का लाभ प्रदेश के करीब 12 लाख शिक्षकों एवं कर्मचारियों तथा उनके परिवारों को मिलेगा। वाराणसी जनपद के 1,145 विद्यालयों के 12,407 और पूरे वाराणसी मंडल के 7,417 विद्यालयों में कार्यरत 66,205 पात्र शिक्षक एवं कर्मचारी इससे लाभान्वित होंगे।
छात्रों के अभिभावकों के खातों में भेजी गई राशि
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने शिक्षा क्षेत्र से जुड़ी कई अन्य योजनाओं की भी शुरुआत की। उन्होंने प्रदेश के करीब 1.10 करोड़ छात्र-छात्राओं के अभिभावकों के बैंक खातों में डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के माध्यम से धनराशि हस्तांतरित की। प्रत्येक छात्र के लिए यूनिफॉर्म, जूते, स्वेटर, स्कूल बैग और स्टेशनरी की खरीद हेतु 1,200 रुपये सीधे अभिभावकों के खातों में भेजे गए। बेसिक शिक्षा अधिकारी भूपेंद्र सिंह के अनुसार, इस योजना से वाराणसी के 1,54,634 विद्यार्थी लाभान्वित होंगे।
एसबीआई के साथ हुआ महत्वपूर्ण एमओयू
इस अवसर पर प्रदेश के लगभग 12 लाख शिक्षकों और संविदा कर्मियों की सामाजिक सुरक्षा को मजबूत करने के लिए स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) के साथ एक महत्वपूर्ण एमओयू पर भी हस्ताक्षर किए गए। इस समझौते के तहत शिक्षकों और कर्मचारियों को सुरक्षा बीमा उपलब्ध कराया जाएगा। स्थायी रूप से कार्यरत शिक्षकों और कर्मियों को 1 करोड़ रुपये तक का दुर्घटना बीमा मिलेगा।
बड़ी संख्या में शिक्षक रहे मौजूद
कार्यक्रम में बेसिक शिक्षा राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संदीप सिंह, माध्यमिक शिक्षा राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गुलाब देवी, शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारी तथा बड़ी संख्या में शिक्षक और कर्मचारी मौजूद रहे।
यह भी पढ़े: ट्रेनों में चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, GRP ने 3 शातिर चोरों को दबोचा; 8 लाख का माल बरामद