गोरक्ष पीठ आश्रम में 26 अक्टूबर से 3 नवंबर तक श्रीराम कथा आयोजित होगी। समापन पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के संभावित आगमन को देखते हुए डीएम और एसपी ने तैयारियों का जायजा लिया।
पीलीभीत: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के 3 नवंबर को पीलीभीत जिले में संभावित दौरे को लेकर चर्चाएं और तैयारियां तेज कर दी गई है। सीएम के संभावित दौरे को लेकर डीएम-एसपी ने अधिकारियों की टीम के साथ आयोजन स्थल, संपर्क मार्गों और श्रद्धालुओं की सुविधाओं का जायजा लिया है। संभावित कार्यक्रम को लेकर प्रेसवार्ता भी आयोजित की गई, हालांकि अभी मुख्यमंत्री कार्यालय से आधिकारिक कार्यक्रम और मिनट-टू-मिनट प्रोटोकॉल जारी होना बाकी है।
जरूरी व्यवस्थाएं समय से पूरी कराने के दिए निर्देश
दरअसल, बीसलपुर विधानसभा क्षेत्र के न्यूरानपुर मढ़ी स्थित गोरक्ष पीठ आश्रम में आयोजित होने वाली श्रीराम कथा के समापन पर 3 नवंबर को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के संभावित आगमन की चर्चा है। कार्यक्रम को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। डीएम-एसपी ने आश्रम पहुंचकर कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया और आवागमन सुगम बनाने के लिए दो पुलियों के निर्माण और करीब 800 मीटर रास्ते पर खड़ंजा बिछाने के निर्देश दिए। साथ ही परिसर में साफ-सफाई, पेयजल, शौचालय समेत अन्य जरूरी व्यवस्थाएं समय से पूरी कराने के निर्देश दिए।
26 अक्टूबर से 3 नवंबर तक श्रीराम कथा
महंत योगी हनुमान नाथ के तत्वावधान में आश्रम में 26 अक्टूबर से 3 नवंबर तक श्रीराम कथा का आयोजन प्रस्तावित है। समापन दिवस पर मुख्यमंत्री के पहुंचने की संभावना को देखते हुए प्रशासनिक अमला व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने में जुटा है। डीएम आलोक कुमार और एसपी सुकीर्ति माधव ने आश्रम परिसर का भ्रमण कर कथा आयोजन से संबंधित व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आयोजन शुरू होने से पहले परिसर की साफ-सफाई कराने, शौचालयों की व्यवस्था दुरुस्त रखने और पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
CM योगी के संभावित दौरे को लेकर तैयारियां तेज
बीसलपुर भाजपा विधायक विवेक वर्मा ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ श्रीराम कथा में शामिल होने आएंगे। हालांकि, उनके आगमन पर जनसभा आयोजित करने के संबंध में अभी तक कोई आधिकारिक निर्देश प्राप्त नहीं हुए हैं। मुख्यमंत्री के संभावित दौरे को देखते हुए प्रशासन अपनी तैयारियों में जुटा है। इस बीच एमएलसी सुधीर गुप्ता भी न्यूरानपुर मढ़ी पहुंचे और आयोजन स्थल का निरीक्षण कर अधिकारियों से व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
ये भी पढ़ें- मां दुर्गा की गोद में सोते शहीद आशीष शर्मा की प्रतिमा ने किया भावुक, दर्शन को पहुंच रहे लोग