मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नेपाल में हुई त्रासदी पर संवेदना जताते हुए कहा कि भारत इस मुश्किल घड़ी में नेपाल के साथ खड़ा है।
बहराइच: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को बहराइच में आयोजित कार्यक्रम के दौरान नेपाल में हुई त्रासदी पर गहरी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने आपदा में जान गंवाने वाले लोगों के प्रति श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए प्रभावित परिवारों और मारे गए भारतीयों के परिजनों के प्रति भी अपनी संवेदना जताई।
दुख की इस घड़ी में भारत नेपाल के साथ खड़ा: सीएम योगी
सीएम योगी ने कहा कि दुख की इस घड़ी में भारत नेपाल के साथ खड़ा है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत की ओर से नेपाल को दी जा रही त्वरित सहायता और सहयोग की सराहना की तथा प्रभावित लोगों को हर संभव मदद का भरोसा दिलाया। इसी कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नेपालगंज रोड-नानपारा-बहराइच रेलखंड पर आमान परिवर्तन के बाद ट्रेन सेवा का शुभारंभ किया। बड़ी लाइन पर ट्रेनों का संचालन शुरू होने से बहराइच समेत सीमावर्ती क्षेत्र के लोगों में खुशी का माहौल है।
बड़ी लाइन रेल सेवा से बहराइच में बढ़ेगा आवागमन और व्यापार
कार्यक्रम में बहराइच सांसद डॉ. आनंद गोंड, विधायक अनुपमा जायसवाल, विधायक सुरेश्वर सिंह, डीएम अक्षय त्रिपाठी, पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव समेत बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और गणमान्य लोग मौजूद रहे। जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक बहराइच सहित प्रशासन एवं पुलिस विभाग के कई अधिकारी भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे। नेपालगंज रोड से नानपारा होते हुए बहराइच तक बड़ी लाइन की रेल सेवा शुरू होने को क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। इससे यात्रियों को बेहतर रेल सुविधा मिलने के साथ ही भारत-नेपाल सीमा से जुड़े क्षेत्रों में आवागमन, व्यापार और विकास को नई गति मिलने की उम्मीद है।
ये भी पढ़ें- लखनऊ से ब्रज तक, 'विजिट माय स्टेट' से दुनिया देखेगी यूपी की अनकही कहानियां