डीडवाना-कुचामन में महंगाई, पेट्रोल-डीजल व रसोई गैस की बढ़ती कीमतों, नीट पेपर लीक और जनविरोधी नीतियों के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया।
डीडवाना-कुचामन (राजस्थान)। महंगाई, पेट्रोल-डीजल व रसोई गैस की बढ़ती कीमतों, नीट पेपर लीक और जनविरोधी नीतियों के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान एवं क्षेत्रीय जननेता महेन्द्र चौधरी के मार्गदर्शन में नावां-कुचामन ब्लॉक कांग्रेस कमेटी और नगर कांग्रेस कमेटी कुचामन के संयुक्त तत्वावधान में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जुलूस निकालकर उपखंड कार्यालय पहुंचकर राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने केंद्र और राज्य सरकार पर आमजन की समस्याओं की अनदेखी करने का आरोप लगाया।
अघोषित बिजली कटौती से अनियमित पेयजल सप्लाई से लोग परेशान
कार्यकर्ताओं ने बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी, बिजली कटौती, पेयजल संकट और चिकित्सा सुविधाओं की कमी को लेकर नाराजगी जताई। नगर कांग्रेस कमेटी कुचामन अध्यक्ष सुतेन्द्र सारस्वत ने कहा कि लगातार बढ़ रही पेट्रोल-डीजल और रसोई गैस की कीमतों ने आम आदमी की कमर तोड़ दी है। भीषण गर्मी के दौर में अघोषित बिजली कटौती और अनियमित पेयजल सप्लाई से लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार आमजन की मूलभूत समस्याओं के समाधान में पूरी तरह विफल साबित हो रही है।

कुचामन ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष ने उठाया पेपर लीक का मामला
कुचामन ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष भंवर अली खान ने कहा कि नीट सहित राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षाओं में लगातार पेपर लीक होने से युवाओं का भविष्य अंधकार में जा रहा है। मेहनत करने वाले विद्यार्थियों का भरोसा टूट रहा है और बेरोजगार युवा मानसिक तनाव झेलने को मजबूर हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही है।
नावां ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष ने लगाया विकास कार्यों में अनियमितता का आरोप
नावां ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष उदय सिंह खारिया ने कहा कि कुचामन-नावां नगर परिषद क्षेत्र में विकास कार्यों के नाम पर भारी अनियमितताएं हो रही हैं। आमजन को पर्याप्त चिकित्सा सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं और प्रशासन जनता की समस्याओं के समाधान के प्रति गंभीर नजर नहीं आ रहा। उन्होंने जनहित के मुद्दों पर प्रभावी कार्रवाई की मांग की।

मौके पर सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता रहे मौजूद
ज्ञापन सौंपने के दौरान जिला उपाध्यक्ष माधवप्रसाद धूत, शेर खान, बाबूलाल बजाज, बुद्धाराम चौधरी, हेमराज चावला, गजेन्द्र कांसोटिया, चन्द्रकला नोगिया, पूजा सोनी, गोपाल जड़ावटा, मदनलाल कुमावत, शंकरलाल मोहनपुरिया, मृदुला कोठारी, सिकन्दर खिंची, कमलकांत डोडवाड़िया, सुभाष पावड़िया, इमदाद खान सहित सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें: पॉलिटेक्निक छात्र पर सीनियर्स ने लोहे की रॉड से किया हमला, FIR दर्ज