गोरखपुर विश्वविद्यालय में गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन 2026 की मतगणना शुरू हो गई है। मतपत्रों की 50-50 की गड्डियां बनाकर तीन राउंड में वोटों की गिनती की जाएगी।
गोरखपुर: दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय के वाणिज्य संकाय मतगणना स्थल पर मतपेटियों को खोलकर बंडल बनाने का काम शुरू हो गया है। 8 बजे से मतगणना शुरू हो चुकी है। पहले एक-एक बॉक्स को खोला जाएगा। उसमें से मतपत्र निकाले जाएंगे। उन्हें सीधा करके उसमें से 50-50 मतपत्रों की गड्डी बनाई जाएगी। फार्म 16 में दर्ज वोटों की संख्या से उसे मिलाया जाएगा। मिलान का काम पूरा होने के बाद हर टेबल पर 20-20 गड्डी यानी 1-1 हजार वोट गिनने को दिया जाएगा। इस तरह पहले राउंड में 14 हजार मतों की गिनती हो जाएगी। 3 राउंड में यह गिनती पूरी की जाएगी। पहले प्रथम वरीयता के मतों की गिनती होती है। अगर इसमें कोई कुल वैध मतों का 50 प्रतिशत से एक अधिक वोट पा जाएगा, तो उसे विजेता घोषित कर दिया जाएगा और गणना वहीं रोक दी जाएगी।
50%+1 मत पाने वाला बनेगा विजेता
प्रथम वरीयता की गिनती पूरी होने के बाद भी कोई इस आंकड़े तक नहीं पहुंचता है, तो द्वितीय वरीयता के मतों की गिनती होगी। ऐसा करने के लिए सबसे पहले उस प्रत्याशी के मतपत्र लिए जाएंगे, जिसे प्रथम वरीयता में सबसे कम वोट मिला होगा। उसके मतपत्र पर जिस-जिस प्रत्याशी को द्वितीय वरीयता का मत मिला होगा, उसके उसके खाते में जोड़ दिया जाएगा। सबसे निचले पायदान पर रहे जिस प्रत्याशी के मतपत्र से द्वितीय वरीयता की गिनती होगी, उसे पहले ही गिनती से बाहर कर दिया जाएगा। यही काम बढ़ते क्रम में किया जाएगा। जैसे ही कोई प्रत्याशी 50 प्रतिशत प्लस एक मत का आंकड़ा हासिल कर लेगा, वहीं गिनती रोक दी जाएगी। 16 में से 15 प्रत्याशियों के द्वितीय वरीयता की गिनती के बाद भी यह आंकड़ा नहीं पा जा सका, तो अंतिम प्रत्याशी बचेगा और चुनाव आयोग की अनुमति से उसे विजेता घोषित कर दिया जाएगा।
पास धारकों को ही मिलेगा प्रवेश
मतगणना स्थल पर सुरक्षा की चाक-चौबंद व्यवस्था की गई है। गोरखपुर फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन 2026 के चुनाव में 17 जिलों में कुल 54,910 मतों में 43,553 अवैध मत पड़े। वेद मतों का प्रतिशत 79.31 रहा है। गोरखपुर के एसएसपी डाक्टर कौस्तुभ ने बताया कि मतगणना के लिए चाकचौबंद व्यवस्था की गई है। पुलिस के आलाधिकारियों के साथ सुरक्षा में जवान भी मुस्तैद हैं। सभी मतगणना एजेंटों को भी निर्देशित किया गया है जो भी मतगणना एजेंट है, उन्हें पास भी निर्गत किए गए हैं। पास धारकों को ही अंदर प्रवेश की अनुमति दी गई है।
ये भी पढ़ें- वरुण धवन और कृति सेनन की आवाज़ में सुनाई देगी 'ऑब्सेशन' की डरावनी कहानी