उत्तर प्रदेश के नवोदित क्रिकेटर प्रशांत वीर को पूर्व कप्तान महेन्द्र सिंह धोनी की चेन्नई सुपर किंग्स ने IPL 2026 नीलामी में 14.20 करोड़ रुपये में खरीदा है।
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के नवोदित क्रिकेटर प्रशांत वीर को पूर्व कप्तान महेन्द्र सिंह धोनी की चेन्नई सुपर किंग्स ने IPL 2026 नीलामी में 14.20 करोड़ रुपये में खरीदा है। चेन्नई सुपरकिंग्स ने आईपीएल मिनी ऑक्शन में 9 खिलाड़ियों को खरीदकर अपनी टीम में शामिल किया है। सीएसके ने अनकैप्ड खिलाड़ी कार्तिक शर्मा और प्रशांत वीर पर मोटी रकम खर्च की और 14.20 करोड़ में खरीदकर अपनी टीम में शामिल किया।
मिनी ऑक्शन में महज 30 लाख रुपये था प्रशांत वीर का बेस प्राइस
IPL 2026 से पहले हुए मिनी ऑक्शन में प्रशांत वीर का बेस प्राइस महज 30 लाख रुपये था, लेकिन पांच बार की चैंपियन टीम चेन्नई सुपर किंग्स ने उन पर भरोसा जताते हुए उनके बेस प्राइस से करीब 47 गुना ज्यादा राशि खर्च की। इस बोली ने न सिर्फ ऑक्शन हॉल, बल्कि पूरे देश का ध्यान अमेठी की ओर खींच लिया। प्रशांत ने इसी सत्र में यूपी से रणजी ट्राफी में इंट्री की थी। प्रशांत वीर भविष्य में रविन्द्र जदेजा के विकल्प माने जा रहे हैं। यूपी के अमेठी जिले के गूजीपुर गांव निवासी युवा ऑलराउंडर प्रशांत वीर आईपीएल इतिहास के सबसे महंगे अनकैप्ड खिलाड़ी बन गए हैं।
प्रशांत वीर की सफलता की ये खबर जैसे ही गूजीपुर गांव पहुंची, पूरे गांव में जश्न का माहौल बन गया। प्रशांत के पैतृक गांव में बधाइयों का तांता लग गया। लोग उनके माता-पिता को मिठाई खिलाकर शुभकामनाएं देते नजर आए।
डाॅ भीमराव अम्बेडकर स्टेडियम के कोच गालिब अंसारी से मिला था शुरुआती प्रशिक्षण
प्रशांत के पिता रामेन्द्र त्रिपाठी एक किसान हैं। प्रशांत की मां अंजना त्रिपाठी ने खुशी के इस पल में अपने पति रामेन्द्र त्रिपाठी को मिठाई खिलाकर बधाई दी। प्रशांत के पिता रामेन्द्र ने बताया कि उनका बेटा शुरू से अच्छा खिलाड़ी था। उसने ग्राम संग्रामपुर के भारद्वाज एकेडमी और केपीएएस स्कूल से पढ़ाई की है। क्रिकेट का शुरुआती प्रशिक्षण उसे डाॅ भीमराव अम्बेडकर स्टेडियम के कोच गालिब अंसारी से मिला था। बाद में प्रशांत का चयन मैनपुरी स्पोर्ट्स हॉस्टल में हो गया जहां उसकी प्रतिभा में निखार आया। उन्होंने बताया कि प्रशांत ने स्कूल फेडरेशन आफ इंडिया के अंडर 19 क्रिकेट स्पर्धा में भाग लेकर कैरियर को नया आयाम दिया। प्रशांत ने अंडर 23 चैंपियनशिप में यूपी को उपविजेता बनाने में मुख्य भूमिका निभाई थी। प्रशांत के परिवार को बेटे के आईपीएल में चयन की उम्मीद जरूर थी, लेकिन इतनी बड़ी बोली की किसी को कल्पना नहीं थी। 14.20 करोड़ की बोली ने सभी को चौंका दिया।
परिवार ने हमेशा बढ़ाया प्रशांत का मनोबल
प्रधान प्रतिनिधि अरविंद पाण्डेय ने बताया कि प्रशांत को बचपन से ही क्रिकेट का शौक था। उसकी मेहनत और लगन का ही नतीजा है कि आज उसने गूजीपुर गांव और पूरे अमेठी जिले का नाम देशभर में रोशन किया है। वहीं, प्रशांत के पिता रामेन्द्र त्रिपाठी ने कहा कि उन्होंने कभी बेटे को क्रिकेट खेलने से नहीं रोका। परिवार ने हमेशा उसका मनोबल बढ़ाया, जिसका परिणाम आज सबके सामने है। उन्होंने कहा कि प्रशांत की इस सफलता से पूरे गांव को गर्व महसूस हो रहा है। अमेठी के एक छोटे से गांव से निकलकर आईपीएल के सबसे महंगे अनकैप्ड खिलाड़ी बनने तक का प्रशांत वीर का सफर आज हजारों युवाओं के लिए प्रेरणा बन गया है। आज प्रशांत वीर की सफलता पूरे अमेठी जनपद के लिए गर्व का क्षण है और यह उपलब्धि क्षेत्र के युवाओं के लिए नई प्रेरणा बनकर सामने आई है।
यह भी पढ़ें: https://www.primenewsnetwork.in/state/preparations-to-make-simhastha-kumbh-2028-carbon-credit-and-water-neutral/101482
मध्य प्रदेश सरकार की योजना: सिंहस्थ कुंभ 2028 को कार्बन क्रेडिट और जल-न्यूट्रल बनाने की तैयारी