प्रतापगढ़ में साइबर ठगी के पीड़ितों को राहत पहुंचाते हुए पुलिस की साइबर टीम ने अक्टूबर महीने में 140 शिकायतों का निस्तारण किया। इस दौरान पीड़ितों की ठगी गई रकम वापस कराई गई।
प्रतापगढ़: प्रतापगढ़ में साइबर ठगी के शिकार लोगों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। जिले की साइबर सेल, साइबर क्राइम थाना और विभिन्न थानों की साइबर हेल्प डेस्क ने अक्टूबर महीने में बड़ी कार्रवाई करते हुए 140 शिकायतों में कुल 9 लाख 12 हजार 990 रुपये से अधिक की धनराशि पीड़ितों के खातों में वापस कराई है। पुलिस की इस कार्रवाई से साइबर ठगी के शिकार लोगों को बड़ी राहत मिली है। वहीं, पुलिस ने आमजन से ऑनलाइन लेनदेन के दौरान सतर्कता बरतने की अपील की है।
साइबर पुलिस की बड़ी कार्रवाई
दरअसल, पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर के निर्देशन और अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी आलोक कुमार के पर्यवेक्षण में जनपदीय साइबर सेल, साइबर क्राइम थाना और जिले के विभिन्न थानों की साइबर हेल्प डेस्क लगातार साइबर अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए काम कर रही हैं। एनसीआरपी पोर्टल और पीड़ितों की ओर से प्राप्त शिकायतों की जांच के बाद साइबर टीम ने सार्थक प्रयास करते हुए अक्टूबर महीने में कुल 140 शिकायतों का निस्तारण कर 9 लाख 12 हजार 990 रुपये 47 पैसे की धनराशि वापस कराई।
प्रतापगढ़ पुलिस की साइबर ठगी के खिलाफ अपील
साइबर ठगी के ये मामले यूपीआई, इंटरनेट बैंकिंग, क्रेडिट कार्ड फ्रॉड और अन्य ऑनलाइन माध्यमों से जुड़े थे। रकम वापस मिलने पर पीड़ितों ने पुलिस अधिकारियों और साइबर टीम का आभार जताया। वहीं, प्रतापगढ़ पुलिस ने लोगों को साइबर अपराध से बचने के लिए जागरूक भी किया है। पुलिस ने अपील की है कि अनजान क्यूआर कोड स्कैन न करें, संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करें और किसी के साथ ओटीपी, एटीएम पिन, सीवीवी या यूपीआई पिन साझा न करें। अनजान APK फाइल डाउनलोड करने से भी बचें। पुलिस ने अपील की है कि साइबर ठगी होने पर तत्काल 1930 हेल्पलाइन नंबर पर शिकायत करें या cybercrime.gov.in पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराएं। आपकी थोड़ी सी सतर्कता आपकी मेहनत की कमाई को सुरक्षित रख सकती है।
ये भी पढ़ें- बरेली में सड़क निर्माण की गुणवत्ता पर उठे सवाल, हाथ लगाने से उखड़ रही बजरी