दरभंगा में पुलिस ने 24 घंटे के भीतर 17 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर जेल भेजा। कार्रवाई में 282.58 लीटर शराब जब्त हुई और वाहन जांच के दौरान 3.60 लाख रुपये से अधिक जुर्माना वसूला गया।
दरभंगा (बिहार)। जिले में अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर पुलिस लगातार अभियान चला रही है। इसी क्रम में जिले में बीते 24 घंटे के दौरान विभिन्न थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए कुल 17 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार सभी 17 अभियुक्तों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। पुलिस की कार्रवाई के दौरान 235.26 लीटर विदेशी शराब और 47.32 लीटर देसी शराब बरामद की गई। इस प्रकार कुल 282.58 लीटर शराब जब्त की गई।
32 वारंट और 9 कुर्की की कार्रवाई
वहीं, फरार आरोपितों की गिरफ्तारी और लंबित मामलों के निष्पादन को लेकर पुलिस ने 16 जमानतीय और 16 गैर-जमानतीय वारंट का निष्पादन किया। इसके अलावा 9 कुर्की की कार्रवाई भी की गई। पुलिस ने 37 लोगों का चरित्र सत्यापन और 7 पासपोर्ट सत्यापन भी किया। वाहन जांच अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों से 3 लाख 60 हजार 500 रुपये जुर्माना वसूला गया।
वाहन और हथियारों की बरामदगी नहीं
हालांकि, इस दौरान किसी वाहन की बरामदगी या जब्ती नहीं हुई। साथ ही देसी आग्नेयास्त्र और कारतूस की बरामदगी भी नहीं हुई। दरभंगा पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि किसी भी आपातकालीन स्थिति में डायल-112 पर कॉल करें। पुलिस ने कहा है कि आम नागरिकों की सेवा और सुरक्षा के लिए वह सदैव तत्पर है।
यह भी पढ़ें: प्रेम प्रसंग के विरोध में युवक की हत्या, दो आरोपी गिरफ्तार