त्योहारी सीजन में मिलावट के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दिल्ली सरकार ने तीन इलाकों में छापेमारी कर 948.9 लीटर घी जब्त किया है। मुख्यमंत्री ने कड़ी चेतावनी दी है।
नई दिल्ली। त्योहारी सीजन में खाने-पीने की चीजों में मिलावट के खिलाफ बड़ा कदम उठाते हुए दिल्ली सरकार ने बुधवार को तीन अलग-अलग इलाकों में छापेमारी कर 948.9 लीटर संदिग्ध घी जब्त किया है। प्रशासन की इस सख्त कार्रवाई से मिलावटखोरों में हड़कंप मच गया है।
अधिकारियों के अनुसार, यह पूरी कार्रवाई बुधवार को भोगल मार्केट, नजफगढ़ मार्केट और शिव विहार में अंजाम दी गई। इस दौरान दिल्ली पुलिस के साथ संयुक्त अभियान चलाकर शिव विहार से 221 लीटर घी बरामद किया गया। इसके अलावा, भोगल से 389.9 लीटर और नजफगढ़ से 338 लीटर घी जब्त किया गया है। गुणवत्ता की जांच के लिए भोगल और नजफगढ़ से कुल 15 सैंपल लेकर लेबोरेटरी भेज दिए गए हैं, जिनकी रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पूरे साल चलेगा अभियान, ब्रांडेड कंपनियां भी रडार पर
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने इस पूरे मामले पर कड़ा रुख अपनाते हुए स्पष्ट किया है कि मिलावटखोरों के खिलाफ यह अभियान सिर्फ त्योहारों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि पूरे साल लगातार जारी रहेगा। उन्होंने चेतावनी दी कि जांच के दायरे में सिर्फ छोटे व्यापारी ही नहीं, बल्कि मिलावट में लिप्त पाई जाने वाली बड़ी और ब्रांडेड कंपनियां भी आएंगी। सरकार खाद्य सुरक्षा विभाग को आधुनिक तकनीक से लैस करने और मैनपावर बढ़ाने पर काम कर रही है, ताकि निरीक्षण प्रक्रिया में तेजी लाई जा सके।
हेल्पलाइन नंबर पर दर्ज कराएं शिकायत
आम जनता की सहूलियत और सुरक्षा के लिए सरकार ने अपील की है कि यदि किसी को भी घटिया, एक्सपायर्ड या मिलावटी खाद्य सामग्री की जानकारी मिलती है, तो वह तुरंत इसकी शिकायत करें। लोग कार्यालय के समय के दौरान खाद्य सुरक्षा विभाग की हेल्पलाइन नंबर 1800-11-3921 पर कॉल करके अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं।
(इनपुट: ANI)
यह भी पढ़ें: भारती एंटरप्राइजेज के चेयरमैन सुनील मित्तल को फ्रांस के सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘लीजन ऑफ ऑनर’ से नवाजा गया