स्वतंत्रता दिवस से ठीक पहले दिल्ली हाई कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया है। पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट पर हैं, कोर्ट परिसर की सुरक्षा कड़ी कर दी गई है।
नई दिल्ली। स्वतंत्रता दिवस से एक दिन पहले, शुक्रवार को दिल्ली हाई कोर्ट को ईमेल के जरिए बम की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया। धमकी मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने कोर्ट परिसर में आवश्यक एहतियाती कदम उठाए। आधिकारिक सूत्रों के अनुसार दिल्ली हाई कोर्ट के रजिस्ट्रार जनरल आवश्यक सहायता और तालमेल के लिए दिल्ली पुलिस के संपर्क में हैं। सुरक्षा इंतजामों की समीक्षा भी की गई है और एहतियात के तौर पर आवश्यक सुरक्षा अभ्यास किया जा रहा है।
स्थिति नियंत्रण में, पुलिस कर रही जांच
दिल्ली हाई कोर्ट बार एसोसिएशन (DHCBA) के संयुक्त सचिव एडवोकेट कुणाल मल्होत्रा ने इस घटना की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि स्थिति नियंत्रण में लग रही है। उन्होंने आगे कहा, "सब कुछ नियंत्रण में लग रहा है। पुलिस पहले से ही सभी आवश्यक कार्रवाई कर रही है। सभी एहतियाती कदम उठाए गए हैं और आवश्यक उपाय लागू किए गए हैं।" खबरों के मुताबिक, ईमेल की सब्जेक्ट लाइन में "दिल्ली हाई कोर्ट में 30 MB ब्लास्ट" लिखा था। कथित घटना के लिए एक खास समय का जिक्र था। अधिकारी इस संदेश को गंभीरता से ले रहे हैं और एहतियाती कदम उठा रहे हैं। साथ ही धमकी की प्रामाणिकता का आकलन किया जा रहा है।
स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर सुरक्षा सख्त
15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस से पहले पूरी दिल्ली में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। अहम जगहों पर पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है। एंट्री-एग्जिट पॉइंट्स पर गहन जांच की जा रही है। सुरक्षा टीमें सार्वजनिक स्थानों और भीड़भाड़ वाले अन्य संभावित स्थलों पर कड़ी निगरानी रख रहे हैं। यह घटना सितंबर 2025 में दिल्ली हाई कोर्ट को मिली ऐसी ही एक धमकी के बाद हुई है। उस समय, रजिस्ट्रार जनरल को कोर्ट परिसर से जुड़ी धमकियों वाला एक ईमेल मिला था, जिसके बाद सुरक्षा एजेंसियों ने एहतियाती कदम उठाए थे और आवश्यक जांच शुरू की थी।
(भाषांतर: Ravi Pandey । इनपुट: ANI)
यह भी पढ़ें: स्वतंत्रता दिवस 2026: लाल किले के आसपास 15 अगस्त को ट्रैफिक प्रतिबंध, जानें डायवर्जन और वैकल्पिक रास्ते