उत्तर प्रदेश के कानपुर के जाजमऊ क्षेत्र में खुले पड़े सीवर के गड्ढे में बाइक समेत गिरे डिलीवरी बॉय की हेलमेट पहनने के कारण जान बच गई।
कानपुर (उत्तर प्रदेश)। जाजमऊ के हिंदुस्तान कंपाउंड में मंगलवार देर रात एक डिलीवरी बॉय बाइक समेत सड़क पर खुले पड़े सीवर के गड्ढे में जा गिरा। हादसा इतना अचानक हुआ कि बाइक सवार को संभलने का मौका नहीं मिला। हेलमेट पहने होने की वजह से सिर पर चोट नहीं आई। हालांकि, युवक घायल हो गया।
राहगीरों ने युवक को गड्ढे से बाहर निकाला
चीख सुनकर राहगीरों ने युवक को गड्ढे से बाहर निकाला और निजी अस्पताल ले गए। प्राथमिक इलाज के बाद परिवार के लोग उसे दूसरे अस्पताल लेकर गए। क्षेत्रीय लोगों के मुताबिक करीब 15 दिन पहले सीवर लाइन टूट गई थी।
गड्ढा करीब चार फीट गहरा और 11 मीटर लंबा
इसके बाद सड़क पर गड्ढा हो गया था। नगर निगम के कर्मचारियों ने लाइन की मरम्मत कर दी, लेकिन सड़क पर बना गड्ढा जस का तस छोड़ दिया गया। लोगों का कहना है कि गड्ढा करीब चार फीट गहरा और करीब 11 मीटर लंबा है। सड़क पर स्ट्रीट लाइट भी नहीं है। रात में यहां से निकलने वालों को गड्ढा दिखाई नहीं देता।
यह भी पढ़ें: तमस नदी में मछली पकड़ने गए मछुआरों के जाल में फंसा एक साल की मासूम बच्ची का शव